राजधानी में फिर सड़क हादसा, चार की मौत एक घायल

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र के आशा रोड़ी इलाके में एक मारुति कार की सीमेंट से लदे ट्रोले से भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमें हरियाणा निवासी चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा नंबर की मारुति कार (42E2701) सहारनपुर से देहरादून आ रही थी। कार जैसे ही आशा रोड़ी इलाके के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे सीमेंट लदे ट्रोले से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का प्रारंभिक आकलन है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश हो सकती है।

पहले भी हुए हैं ऐसे हादसे
देहरादून और आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों में तेज रफ्तार के चलते कई जानलेवा हादसे सामने आए हैं। कुछ दिन पहले ही धूलकोट (डात काली मंदिर) के पास कारों की आमने- सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो गंभीर रूप से घायल हुए थे।
राजपुर रोड, मोहकमपुर और सहस्रधारा रोड पर भी कई बार तेज रफ्तार गाड़ियों ने कहर बरपाया है।और देर रात वाहन स्पीड लिमिट का पालन न करते हुए रफ्तार में देखे जाते है।

लगातार हो रहे इन हादसों के बीच स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। हाईवे और शहर की व्यस्त सड़कों पर स्पीड लिमिट का पालन सुनिश्चित कराया जाए, साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही के समय पर भी नजर रखी जाए। यह हादसा एक बार फिर से यही सवाल खड़ा करता है कि क्या हमारी सड़कें तेज रफ्तार के हवाले हैं? और क्या समय रहते इसके खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?

नाम पता मृतक
1- अंकुश पुत्र अजीत निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा
2- पारस पुत्र जयकरण निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा
3- अंकित पुत्र राजेश निवासी मेरिडा तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा
4- नवीन पुत्र नरेश निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक, हरियाणा

नाम पता घायल व्यक्ति‌
विनय पुत्र विजय निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत हरियाणा

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!