कैबिनेट मंत्री चौधरी ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

पिथौरागढ़। प्रदेश के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को जिला सभागार पिथौरागढ़ में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), पशुपालन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एमएसएमई समेत कई विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक-दो विभागों को छोड़कर किसी भी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है, जो प्रशासनिक व्यवस्था की सकारात्मक स्थिति को दर्शाता है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन दिखाई दे रहा है तथा जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसंवेदनशीलता प्रशासनिक कार्यप्रणाली में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक के बाद मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास एवं जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। इस अवसर पर गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!