जंगलात की भूमि पर बन रहा नेता जी का रिसॉर्ट सील

MS Malik
By
3 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

देहरादून। अल्मोड़ा जिले में वन भूमि पर अवैध रूप से बन रहे नेता जी के रिसॉर्ट को जिला प्रशासन ने सील कर दिया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार रिसॉर्ट निर्माण के लिए न सिर्फ वन क्षेत्र में भारी स्तर पर खुदान किया गया था, बल्कि बड़ी मात्रा में पत्थरों को भी अवैध रूप से निकाला गया। अब प्रशासन ने अवैध खनन पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि नेता जी ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि वह जांच रिपोर्ट के आधार पर सामने आने वाली सच्चाई को स्वीकार करेंगे।

यह प्रकरण अल्मोड़ा जिले के भैसियाछाना विकासखंड के थिकलना गांव से जुड़ा है। आरोप है कि यहां भाजपा नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने वन क्षेत्र में रिसॉर्ट का अवैध रूप से निर्माण शुरू कर दिया था। रिसॉर्ट के लिए सड़क के लिए कटान किया गया और निर्माण के लिए वन भूमि पर पहाड़ी को काटा गया। इससे बड़े पैमाने पर पत्थर निकाले गए और उनका प्रयोग रिसॉर्ट में किया गया।

प्रशासन के अनुसार राजेंद्र सिंह राणा निवर्तमान ग्राम प्रधान भी हैं। उन्होंने एक रिसॉर्ट का निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि एक निर्माण अभी गतिमान था। दोनों निर्माण वन पंचायत की भूमि पर पाए गए हैं। निर्माणाधीन स्थल पर खुदान से निकाली गई खनन सामग्री भी डंप पाई गई। मौके पर प्रशासन की टीम को 93.64 घन मीटर पत्थर भी मिले हैं, जबकि बड़ी मात्रा में पत्थरों का उपयोग किया जा चुका है।

जिलाधिकारी अल्मोड़ा के आदेश पर निर्माण को सील कर वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरे प्रकरण में वन विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। इसका एक वीडियो भी कुछ दिन पूर्व वायरल किया गया था। इसे मोहन राणा नाम से बने एक फेसबुक अकाउंट से भी शेयर किया गया है। प्रशासन ने वीडियो का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के बाद अवैध निर्माण को सील किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!