देहरादून। नगर निगम देहरादून के चंद्रबनी वार्ड में विकास कार्यों के लंबित रहने और नगर निगम की बोर्ड बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर महीनों बाद भी अमल न होने से कई पार्षदों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी नाराजगी के चलते भाजपा के पूर्व पार्षद जल्द ही नगर निगम के अधिकारियों का घेराव कर लंबित कार्यों को तत्काल शुरू करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की तैयारी में हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं चंद्रबनी वार्ड के पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने बताया कि चंद्रबनी वार्ड के अंतर्गत कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन सड़कों की मरम्मत के लिए नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपये के पेच वर्क कराने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी न तो टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई और न ही कार्य धरातल पर उतर पाए हैं। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पार्षद निधि के तहत प्रत्येक वार्ड में 50-50 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति देने का निर्णय भी बोर्ड बैठक में लिया गया था। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में 5-5 लाख रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाने, सफाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि तथा पार्षदों के आने-जाने के भत्ते से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए थे। बावजूद इसके, अब तक किसी भी प्रस्ताव पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
सुखबीर बुटोला ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों को लागू करने में पूरी तरह उदासीन बना हुआ है, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर विकास कार्यों को गति नहीं दी गई तो जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर नगर निगम अधिकारियों का जोरदार घेराव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमन बुटोला के नेतृत्व में किया जाएगा, जिसमें नगर निगम से सभी लंबित प्रस्तावों को तत्काल लागू करने, विकास कार्य शुरू करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
पूर्व पार्षद ने कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद के साथ अपने प्रतिनिधियों को चुना है, लेकिन यदि स्वीकृत योजनाएं भी समय पर लागू नहीं होंगी तो जनता का विश्वास टूटेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन के साथ और अधिक तेज किया जाएगा।












