देहरादून। जिलेभर में चल रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर देर रात जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में दून पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर औचक छापेमारी कर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान थाना रायपुर क्षेत्र के सोडा सरोली स्थित एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस लोगों को शराब पिलाते पाए जाने पर रेस्टोरेंट स्वामी लक्ष्मण सिंह (52) पुत्र उत्तम सिंह राणा निवासी अखण्डमिलग वाली रोड, सोंडा सिरोली रायपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से शराब की एक बोतल और तीन खाली बीयर केन बरामद की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे तीन व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही रात में घूम रहे 960 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई और 11 संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 112 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 37,250 रुपये का जुर्माना वसूला।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 32 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए। इसके अलावा 77 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम में चालान कर 46,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 62 वाहन चालकों के न्यायालय चालान किए गए और नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया।
हुड़दंग के आरोप में गिरफ्तार
देवानंद पुत्र राजपाल सिंह, निवासी समीरपुर, नजीबाबाद (वर्तमान निवासी करनपुर, देहरादून), उम्र 26 वर्ष
जगदीश यादव पुत्र मथुरा प्रसाद यादव, निवासी भनियावाला, डोईवाला, देहरादून, उम्र 55 वर्ष
नितेश यादव पुत्र जगदीश यादव, निवासी भनियावाला, डोईवाला, देहरादून, उम्र 25 वर्ष
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
देहरादून। राजधानी देहरादून के जोहड़ी क्षेत्र में गोली लगने से हुई रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के बाद दून पुलिस की सक्रियता काफी बढ़ी हुई दिख रही है। पूरे शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।बुधवार देर रात राजधानी के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 67 वाहनों को भी सीज किया गया।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहर भर में बड़ी संख्या में पुलिस टीमों को चेकिंग अभियान में लगाया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 143 वाहन चालकों से 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा 157 वाहनों के चालान किए गए हैं। इतना ही नहीं बिना सत्यापन अपने प्रतिष्ठानो में काम कराने और किरायेदार रखने वालों पर तीन लाख का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस की ओर से पीजी और हॉस्टल में की आकस्मिक चैकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी की ओर से हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स को हिदायत दी गई कि पढ़ाई की आड में हुडदंग बर्दाश्त नहीं होगा।

देहरादून। में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रात्रि में हुड़दंग करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 23 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹11,500 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान 1380 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जबकि 1420 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक सत्यापन किया गया। रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 300 से अधिक व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई, जिनमें से 48 संदिग्धों को थाने लाया गया।
पुलिस ने 25 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर ₹12,500 का जुर्माना लगाया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले 5 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया। साथ ही हूटर, काले शीशे और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 14 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाते रहें और विशेष रूप से हुड़दंग करने वाले युवकों व छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय और कॉलेज के नाम पर रात में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित छात्रों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही आवश्यक होने पर संबंधित शिक्षण संस्थानों से उनके निष्कासन की भी संस्तुति की जाएगी।
पुलिस द्वारा नगर से लेकर देहात तक लगातार स्थान बदल-बदल कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।













