भाजपा की जन विरोधी सरकार अपने सूट बूट वाले मित्रों को पहुंचा रही है फायदा : दिग्विजय

MS Malik
By
4 Min Read

देहरादून। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजीव भवन में पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विचारधारा गरीब विरोधी है। भाजपा आम आदमी के हित में कोई कार्य न कर अपने सूट बूट वाले मित्रों के फायदे के लिए काम कर रही है।

उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि नोटबंदी से देश में 3 करोड से अधिक लोग बेरोजगार हुए हैं। उन्होंने कहा कि काला धन वापस लाने की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में विदेशी बैंकों में पैसा और ज्यादा बढ़ गया है। दिग्विजय ने कहा कि सरकार सामाजिक कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। सरकार अभी तक अट्ठारह सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल भेज चुकी है। जबकि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिल पाया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सुधा भारद्वाज को यह सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पिछले साढे़ 3 साल से जेल में बंद किए हुए हैं। परंतु आज तक उनके खिलाफ चार्ज शीट तक पेश नहीं कर पाई है।

दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस द्वारा जारी घोषणा पत्र की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक बहुत अच्छा घोषणापत्र है। जिसमें हर परिवार को राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने घोषणा पत्र के बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा की घोषणा पत्र में बढ़ते रसोई गैस के दामों से राहत के लिए गैस सिलेंडर की कीमत ₹500 से अधिक नहीं होने देने का आश्वासन दिया है जिससे हर प्रदेश वासी को बड़ी राहत मिलेगी।

दिग्विजय ने कहा कि इसी प्रकार बेरोजगारी से निपटने के लिए चार लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया गया है। जिससे प्रदेश के बेरोजगारों को बड़ी राहत मिलेगी।

घोषणापत्र के तीसरे प्रमुख बिंदू जिसमें प्रदेश की लचर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर हर द्वार पहुंचाने की घोषणा का भी उन्होंने स्वागत किया।

घोषणापत्र के एक और बिंदु जिसमें प्रदेश के पांच लाख गरीब परिवारों को 40 हजार रूपये दिये जाने के वादे को भी उन्होंने आम आदमी के लिए बड़ी राहत वाला फैसला बताया है।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि पूरी दुनिया में अमीर और गरीब के बीच की खाई भारत में सबसे अधिक तेजी से बढ़ी है जिसके लिए यह गरीब और जनविरोधी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आम जनता से गरीब विरोधी जनविरोधी इस सरकार को बदलकर कांग्रेस की जनहित में कार्य करने वाली सरकार बनाने की भी अपील की।

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर गौरव वल्लभ, पार्टी के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, सोशल मीडिया विभाग की चेयरमैन शिल्पी अरोड़ा, पार्टी के संगठन महामंत्री मथुरा दत्त जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, राजेंद्र शाह, गरिमा दसौनी, दीप बोहरा सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!