भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी, हरिद्वार से पूर्व सीएम रावत जबकि पौड़ी से बलूनी होंगे प्रत्याशी

64

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 72 नाम हैं। उत्तराखंड की हरिद्वार सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जबकि पौड़ी सीट पर अनिल बलूनी को टिकट दिया है। इसी प्रकार नागपुर से नितिन गडकरी, मुंबई नॉर्थ से पीयूष गोयल और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले मनोहर लाल खट्‌टर करनाल से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने 2 मार्च को जारी पहली लिस्ट में 16 राज्य और दो UT से 195 कैंडिडेट्स के नाम जारी किए थे। पहली और दूसरी लिस्ट को मिलाकर पार्टी ने अब तक कुल 267 कैंडिडेट्स के नाम जारी कर दिए हैं।

मध्यप्रदेश 5 सीटों पर भी ऐलान, छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू
मध्यप्रदेश की बाकी बची 5 सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। इंदौर से शंकर लालवानी और उज्जैन से अनिल फिरोजिया को टिकट दिया गया है। छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू, बालाघाट से भारती पारधी और धार से सावित्री ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है। 2 मार्च को आई पहली लिस्ट में 24 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था। इस तरह एमपी के सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं।

हरियाणा: पहली लिस्ट में 6 नाम, 4 पर घोषणा बाकी
राज्य में लोकसभा की कुल 10 सीटें हैं। भाजपा ने पहली लिस्ट में 6 उम्मीदवारों का ऐलान किया। इनमें पिछले 2 दिन में हरियाणा के CM पद और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल खट्‌टर को करनाल से टिकट दिया गया है। भाजपा ने करनाल से मौजूदा सांसद संजय भाटिया का टिकट काट दिया है।

हिमाचल: 2 नामों का ऐलान, 2 बाकी
हिमाचल की 4 लोकसभा सीटों में से 2 सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हमीरपुर लोकसभा सीट से अनुराग ठाकुर को कैंडिडेट बनाया है। वह इस सीट से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे। शिमला से पार्टी ने अपने मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप को ही दोबारा मैदान में उतारा है। मंडी और कांगड़ा सीट पर प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

दिल्ली की 7 सीटों पर 6 नए चेहरे
भाजपा ने दिल्ली की बची 2 सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। पूर्वी दिल्ली से पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की जगह हर्ष मल्होत्रा को और उत्तर पश्चिम दिल्ली से सिंगर हंस राज हंस की जगह योगेंद्र चंदोलिया को टिकट दिया गया है।

इससे पहले 2 मार्च को पहली लिस्ट में 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया था। इनमें से 4 नए चेहरे थे। सिर्फ भोजपुरी सिंह मनोज तिवारी की टिकट ही रिपीट की गई। 2019 और 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सभी 7 सीटें जीती थीं।

गुजरात में 5 सांसदों का टिकट कटा
भाजपा की दूसरी लिस्ट में गुजरात से 7 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इसमें वडोदरा से रंजन भट्ट और अहमदाबाद पूर्व से हसमुख पटेल की टिकट रिपीट की गई है। 5 सांसदों का टिकट काट दिया गया है। पार्टी ने पहली लिस्ट में 15 उम्मीदवार घोषित किए थे, यानी 26 में से 22 सीटों में कैंडिडेट्स का नामों का ऐलान हो चुका है। गुजरात की पहली लिस्ट में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मनसुख मांडविया और परषोत्तम रूपाला का भी नाम था। साल 2014 और 2019 में गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें भाजपा ने जीती थीं।

महाराष्ट्र की 48 में से 20 सीटों का ऐलान
भाजपा की दूसरी सूची में राज्य की 48 में से 20 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान किया गया है। पार्टी ने पहली सूची में महाराष्ट्र की एक भी सीट से उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। आज जारी सूची में बीड सीट से प्रीतम मुंडे की जगह पंकजा मुंडे, नागपुर से नितिन गडकरी, रावेर से रक्षा खडसे, पुणे से मुरलीधर मोहोल को उम्मीदवार बनाया गया है। पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ेंगे।

त्रिपुरा की दोनों सीटों पर नए कैंडिटेड
त्रिपुरा में लोकसभा की दो सीटें हैं। दोनों भाजपा के पास हैं। लेकिन इस पर यहां दोनों सीटों पर नए प्रत्याशी मैदान में होंगे। आज जारी दूसरी सूची में त्रिपुरा पूर्व से महारानी कृतिसिंह देबबर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। पिछली बार यहां से रेबती ने चुनाव लड़ा था। पहली सूची में त्रिपुरा वेस्ट से सांसद प्रतिभा भौमिक की जगह बिप्लव कुमार देब का नाम था।

उत्तराखंड से दो नए चेहरों को मौका
उत्तराखंड की सभी पांच सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान हो चुका है। पहली सूची में 3 नामों का ऐलान किया गया था। आज जारी दूसरी सूची में बाकी के 2 नामों का ऐलान हो चुका है। पहली सूची में तीनों नाम प्रत्याशी रिपीट किया गए थे, जबकि आज जारी दूसरी सूची में दोनों नए चेहरे गढ़वाल से अनिल बलूनी और हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत को मौका दिया गया है।

कर्नाटक की हावेरी से पूर्व सीएम बोम्मई को टिकट मिला
भाजपा ने दूसरी लिस्ट में कर्नाटक की 28 में से 20 सीटों में कैंडिडेट्स के नाम ऐलान कर दिया। हावेरी से पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई को टिकट दिया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को बेंगलुरु उत्तर और धारवाड़ से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को उतारा है। शिमोगा सीट से कर्नाटक भाजपा चीफ बीवाई राघवेंद्र फिर से चुनाव लड़ेंगे, यह सीट उन्होंने पहली बार 2018 में उपचुनाव में जीती थी। 2018 में उनके पिता बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री बनने पर इस सीट को छोड़ दिया था। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कर्नाटक की 28 में से 25 सीटें जीती थी। भाजपा का वोट शेयर 51.3% तक बढ़ था, जो 2014 में 8% था।

उद्धव गुट से उपचुनाव जीती कलाबेन भाजपा उम्मीदवार
भाजपा ने दादर और नगर हवेली से कलाबेन डेलकर को टिकट दी है। वे पूर्व सांसद मोहन डेलकर की पत्नी हैं। पति के निधन से खाली हुई सीट पर उन्होंने शिवसेना उद्धव गुट की टिकट पर उपचुनाव जीता था। अब वे भाजपा की टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।