मोहब्बत की दुकान’ से बंटी मिठास, कांग्रेस ने जनता को शरबत पिलाकर दी राहत

4

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच कांग्रेस पार्टी ने आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ‘मोहब्बत की दुकान’ अभियान के तहत शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को ठंडा शरबत वितरित कर गर्मी से राहत दिलाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना है।

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की रही है। उन्होंने कहा, “आज देश को नफरत नहीं, मोहब्बत और आपसी सौहार्द की जरूरत है। कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ अभियान इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। भीषण गर्मी में लोगों को शरबत पिलाकर राहत देना मानव सेवा का छोटा सा प्रयास है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझती है। उन्होंने कहा, “गर्मी के इस दौर में राहगीरों और मेहनतकश लोगों को ठंडा शरबत उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। कांग्रेस हमेशा आमजन के साथ खड़ी रही है और आगे भी जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी। ‘मोहब्बत की दुकान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने का संकल्प है।

पार्षद सुमेंद्र सुशांत बोहरा ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने और लोगों के बीच सकारात्मक संवाद बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से पार्टी लगातार जनहित और जनसेवा के कार्यक्रम संचालित कर रही है।

शरबत वितरण कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस प्रयास की सराहना की और भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद सुमेंद्र सुशांत बोहरा, इतात खान, अर्जुन सोनकर, दीप वोहरा, प्रियांश छाबड़ा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ।