राजधानी की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर निगम पहुंचे कांग्रेसी

Astitva Times Desk
5 Min Read

 

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में महानगर कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम देहरादून के आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए देहरादून महानगर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।

नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में लालचन्द शर्मा ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से संज्ञान में आया है कि देहरादून में खानपान, ज़रूरत से जुड़ी चीजों के साथ ही तमाम कंपनियां शहर में ऑनलाइन कंपनी बिजनेस कर रही है। इन कंपनियों के शहर में जगह-जगह गोदाम और वितरण केंद्र है। कांग्रेस की मांग है कि सबसे पहले इन बड़ी ऑन लाइन कंपनियों के दफ्तरों और गोदामों पर नियम के तहत ट्रेड शुल्क लगाया जाए। इस समय ये सभी कंपनियां नगर निगम से बिना पंजीकरण हुए काम कर रही है। इस वजह से नगर निगम को हर साल भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

लालचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का यह भी कहना है कि शहर में कई जगह स्ट्रीट लाइट बंद है। बरसात से तमाम जगह सड़के खराब है। पथ प्रकाश व्यवस्था बंद होने के चलते रात को अंधेरा होने के चलते राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस की मांग है कि शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाए। विगत कुछ महीने पूर्व नेशविला रोड से डस्टबिन हटाया गया था, नगर निगम ने अच्छा काम किया था, लेकिन अब इस डस्टबिन के हटने से इसके बैक साइड में लोग कूड़ा डाल रहे हैं। जिससे वहां अवैध तरीके से कूड़ा घर बन गया है। इस तरह के उदाहरण और जगह भी हैं। कांग्रेस की मांग है कि ऐसे लोगों पर सख्ती कर यहां पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उन्होंने कहा कि बिंदाल नदी किनारे निर्माण को लेकर नगर निगम ने सर्वे किया था, जिसके बाद अब इन अवैध निर्माण को तोड़ने की योजना है। कांग्रेस की मांग है कि इन अवैध निर्माण को तोड़ने से पहले इन लोगों का पुनर्वास किया जाए।
उपरोक्त के अलावा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है किः-
6. 2025 के नगर निगम बोर्ड गठन के बाद अभी तक वार्डों में खुली नालियों पर स्लैब की व्यवस्था नहीं हो पाई है। अतः प्रत्येक वार्ड में नालों के उपर स्लैब की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।
7. ⁠देहरादून के हर वार्ड में अभी तक स्ट्रीट लाइट हेतु पोल की व्यवस्था नहीं हो पाई है। अतः सभी वार्डों में विद्युत पोलों की व्यवस्था की जाय।
8. कई वार्डो में फोगिंग मशीन पुरानी हो गई है खस्ता हाल मशीनों के स्थान पर नई फोगिंग मशीन की आवश्यकता है।
9. ⁠अभी तक पार्षदों को पर्यावरण मित्रो के हजारी मिस्टरोल में स्टैम्प व हस्ताक्षर की भूमिका से अलग रखा गया है जब कि ये मुद्दा बोर्ड बैठक में भी आया है व पूर्व में माननीय मेयर द्वारा भी मौखिक रूप से इसकी संस्तुति दी थी। अतः सभी पार्षदों को हाजिरी मिस्टरोल की संस्तुति दी जाय।
10. नगर निगम के जिन वार्डो में पर्यावरण मित्र, सड़क व साथ पटरी की घास काट के सफाई करते है, उसको नगर निगम के ट्रैक्टर व ट्रॉली उपलब्ध कराई जाय।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि बरसात के दौरान सड़कों पर गड्ढों, स्ट्रीट लाइट की खराबी और मलिन बस्तियों की समस्याओं को तत्काल हल किया जाना चाहिए।कांग्रेस प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल ने आरोप लगाया कि शहर में समय पर कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को स्ट्रे डॉग्स के लिए स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। साथ ही नगर निगम के सामुदायिक भवनों की जर्जर स्थिति को सुधारने की भी मांग की।

इस मौके पर नगर निगम की पूर्व नेता प्रतिपक्ष नीनू सहगल, कोमल वोहरा, मोनिका चौधरी, रमेश कुमार मांगू, अनूप कपूर, अर्जुन सोनकर, इत्तात अहमद, वीरेंद्र बिष्ट, निखिल कुमार, रोबिन त्यागी, महिपाल शाह, शोभा प्रकाश बाल्मीकि, सुरेश चंद, शिव कुमार, महेंद्र रावत, रमेश भंडारी, प्रमोद गुप्ता, ओम प्रकाश शोदियाल, अमन कुमार, शशि भंडारी, माकिन अहमद, ज़ाहिद अंसारी, अमित भंडारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!