लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एम.सी.बधानी ने प्रीतम सिंह के समक्ष थामा कांग्रेस का दामन

332

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की उपस्थिति में भारतीय सेना के परम विशिष्ठ सेवा मैडल, विशिष्ठ सेवा मैडल विजेता अवकाश प्राप्त ले. जन. एम. सी. बधानी ने कांग्रेस पार्टी की रीति-नीतियों एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए विधिवत रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

परम विशिष्ठ सेवा मैडल, विशिष्ठ सेवा मैडल विजेता अवकाश प्राप्त ले.जन. एम.सी. बधानी के साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी रजनीश जुयाल ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने किया।  

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है जो सभी धर्मों, वर्गों, सम्प्रदायों एवं जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस पार्टी ने आजादी से लेकर आज तक राजनीति के साथ-साथ समाज सुधारक के रूप में भी काम किया है तथा समाज को एक नई दिषा दी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव से लेकर आज तक झूठ बोलने के सिवा कुछ नहीं किया। भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकारों ने अपने अभी तक के कार्यकाल में मंहगाई, भ्रष्टाचार तथा लोकतंत्र को तार-तार करने के सिवा कुछ नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार को जोड़ने के साथ ही जो कठिन समय में पार्टी के साथ रहेें हैं उन कांग्रेसजनों के हितों की भी रक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि ले.जन. एम.सी. बधानी एवं उनके सहयोगियों के कांग्रेस पार्टी में जुडने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। 

प्रीतम ने कहा कि कांग्रेसजन देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद भारतीय सेना के जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सेवा निवृत्त पूर्व सैनिकों का पूर्ण सम्मान करती है परन्तु जिस प्रकार का व्यवहार केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के साथ किया जा रहा है कांग्रेस पार्टी उसकी उसकी आलोचना करती है।

प्रीतम ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को मानते हुए वन रैंक-वन पेंशन लागू करने का निर्णय लिया था, परन्तु केन्द्र की भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व सैनिकों के साथ छलावा किया जिससे पूर्व सैनिक अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं तथा आज पूरे देश के पूर्व सैनिक भाजपा सरकार के व्यवहार से आहत हैं।

प्रीतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद भारतीय सेना के अधिकारियों व जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सेवा निवृत्त पूर्व सैनिकों का पूर्ण सम्मान करती है।