‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज,दून में SC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अहम बैठकें आज; नानक चंद

4

 

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद ने बताया कि आगामी 17 जुलाई को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ (Voice of Students) कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को देहरादून में युवा एवं छात्र नेताओं की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम में AICC के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम विशेष रूप से देहरादून पहुंचेंगे। उनके आगमन के बाद छात्र एवं युवा नेताओं के साथ व्यापक रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

मंगलवार को आयोजित होने वाली बैठक का पहला चरण अंबेडकर भवन, सेवला कलां, माजरा, देहरादून में आयोजित होगा, जहां आगामी ‘छात्रों की गूंज’ युवा एवं छात्र सम्मेलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के संयोजक AICC अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद हैं।

इसके बाद दोपहर 2:30 बजे डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय छात्रावास, कंडोली, देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा युवा एवं छात्र नेताओं के साथ दूसरी बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन, संगठनात्मक समन्वय, जिम्मेदारियों के वितरण तथा व्यापक जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठकों के समापन के बाद राजेन्द्र पाल गौतम नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों की आवाज़ को सशक्त मंच प्रदान करने का अभियान है। उन्होंने सभी युवा, छात्र एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। यह आयोजन युवाओं, छात्रों एवं सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।