विदेश से देहरादून लौटी 23 वर्षीय युवती में ओमिक्रोन वायरस की हुई पुष्ठि

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक ओमिक्रोन पॉजिटिव केस पाया गया है। ओमिक्रोन पॉजिटीव केस के बारे में जानकारी देते हुए महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ0 तृप्ति बहुगुणा ने बताया कि देहरादून की कांवली रोड़ निवासी 23 वर्षीय युवती गत 8 दिसम्बर को स्कॉटलैण्ड से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर भारत पहुंची, जिसके सैम्पल का एयरपोर्ट पर जांच करने पर RTPCR रिपोर्ट नैगेटिव आई। यह युवती उसी दिन शाम को कार से अपने माता-पिता के साथ देहरादून पहुंची।

महानिदेशक ने जानकारी दी कि सीएमओ कार्यालय के आई०डी०एस०पी० यूनिट के अनुरोध पर 11 दिसम्बर को युवती से अपना सैम्पल जांच हेतु एस०आर०एल लैब को अपने घर पर बुलाकर दिया। लैब रिपोर्ट के अनुसार युवती का सैम्पल 12 दिसम्बर को पॉजीटिव पाया गया है, जिसके उपरान्त युवती घर पर ही आईसोलेट हो गयी, युवती को जिला आई०डी०एस०पी0 यूनिट द्वारा 14 दिनों तक होम आईसोलेशन में रहने तथा होम आईसोलेशन के कड़े निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया।

महानिदेशक ने बताया कि युवती को स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम आईसोलेशन किट भी उपलब्ध करा दी गयी है और जिला सर्विलान्स इकाई द्वारा युवती की निरन्तर निगरानी की जा रही है तथा उसके माता-पिता का सैम्पल भी जांच हेतु भेज दिया गया है।

महानिदेशक डॉ0 तुप्ति बहुगुणा ने यह भी बताया कि एस०आर०एल० लैब को युवती के सैम्पल की जीनोम सीक्वेसिंग जांच के लिए भेजे जाने के निर्देश दे दिये गये हैं, ताकि ओमिक्रोन वेरियेन्ट को अलग किया जा सके। युवती में ओमिक्रोन वेरियेन्ट के होने की पुष्टि दिल्ली स्थित आई०डी०एस०पी० यूनिट द्वारा भी कर दी गयी है।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ0 तृप्ति बहुगुणा ने देहरादून में ओमिक्रोन से ग्रसित पहले केस के मिलने पर आम जनता से अपील की है कि वह घबराये नहीं, सर्तकता एवं सावधानी के साथ कोविड अनुरूप व्यवहारों का पालन नियमित रूप से करते रहें। उन्होंने राज्य के नागरिकों से यह भी अपील की कि घर से बाहर निकलने पर सदैव मास्क लगायें, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचे तथा आपसी सम्पर्क में दूरी बनाये रखने के व्यवहार को बनाये रखें। महानिदेशक ने सभी लोगों से वैक्सीन की दोनों डोज अवश्य लगाने के लिए भी अनुरोध किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!