स्कूल में भिड़ गये कक्षा 9 के दो नाबालिग छात्र, एक की मौत

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में एक छात्र की स्कूल में झगड़े के दौरान चोट लगने से मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में हडक़ंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज की जांच कर रही है।

टीचर के जाने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम मजरा शीला निवासी विवेक सिंह 14 साल पुत्र राम सिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। आज सुबह विवेक आठ बजे स्कूल पहुंचा। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11.15 बजे पांचवां पीरियड खत्म हुआ तो शिक्षिका अंजलि क्लास रूम से बाहर निकली। जैसे ही वह कुछ दूर ही पहुंची थी कि क्लास में हो हल्ला हो गया। जिसके बाद वह वापस क्लास रूम पहुंच गई।

जमीन पर गिरा मिला विवेक
क्लास में विवेक जमीन पर गिरा पड़ा था। आनन-फानन में शिक्षिका ने इसकी सूचना स्टाफ को दी। जिसके बाद स्कूल स्टाफ ने घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। विवक की मौत की खबर से स्कूल प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गये। जिसके बाद सूचना उसके परिजनों और पुलिस को दी।

चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
खबर मिलते ही थानाध्यक्ष सतीश चंद कापड़ी, एसआई हरविंदर सिंह और परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र विवेक सिंह का अपने ही क्लास के एक अन्य छात्र का कॉपी को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया। दूसरे छात्र ने विवेक को धक्का दे दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने उसे पानी भी पिलाया फिर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसके शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं था। इससे आशंका जताई जा रही है कि छात्र को कोई अंदरूनी चोट लगी जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक छात्र के पिता राम सिंह अशोका लीलैंड में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि स्कूल द्वारा घटना की जानकारी दी गई थी। घटना के बाद सीसीटीवी की फुटेज की जांच और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!