देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में एक होम स्टे के कमरे से महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। कमरे के बिस्तर पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मसूरी के धनोल्टी रोड स्थित एक होम स्टे में ठहरी महिला सोमवार सुबह अचेत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर मसूरी कोतवाली पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एम्बुलेंस में मौजूद फार्मासिस्ट ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) पत्नी सौम्य श्रीचरण के रूप में हुई है। वह पेशे से इंजीनियर थीं और अपने पति के साथ मसूरी घूमने आई थीं। बताया जा रहा है कि दोनों ने 14 जून को होम स्टे में चेक-इन किया था और छुट्टियां मना रहे थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात दंपति ने शराब का सेवन किया था। पति के अनुसार, दोनों तड़के करीब 3:30 बजे सोए थे। सुबह उठने पर उन्होंने पत्नी को अचेत पाया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला के नाक से खून निकल रहा था। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को बिस्तर पर खून के निशान, दो खाली शराब की बोतलें तथा अन्य सामान मिला है।
मसूरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का अनुरोध किया गया है।पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही महिला के मसूरी आने के उद्देश्य, उसके अंतिम संपर्कों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या, दुर्घटना या किसी चिकित्सकीय कारण समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि राधा गायत्री और सौम्य श्रीचरण की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। शादी के करीब सात महीने बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई सामने आने के लिए पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।










