अंकिता भंडारी मामले में CBI जांच की मांग को लेकर कांग्रेस सेवादल का विशाल कैंडल मार्च 8 जनवरी को

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर प्रदेश की सियासत और सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस सेवादल द्वारा अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय दिलाने और मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग को लेकर 8 जनवरी बृहस्पतिवार को राजधानी देहरादून में एक विशाल कैंडल मार्च आयोजित किया जा रहा है। यह कैंडल मार्च रायपुर के तुनवाला क्षेत्र में शाम 5:00 बजे शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। कैंडल मार्च की अगुवाई कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती हेमा पुरोहित करेंगी।

श्रीमती हेमा पुरोहित ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया गया है, जो न्याय की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता और सभी दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस सेवादल का संघर्ष जारी रहेगा।

श्रीमती पुरोहित ने कहा कि यह कैंडल मार्च न केवल अंकिता को श्रद्धांजलि देने के लिए है, बल्कि यह सरकार और प्रशासन को जगाने का एक शांतिपूर्ण प्रयास भी है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके। उन्होंने क्षेत्र की देवतुल्य जनता, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होकर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!