देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। रायपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने चुनावी तैयारियों का आगाज करते हुए मिशन-2027 के लिए संगठन को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को उन्होंने रायपुर विधानसभा के वार्ड संख्या- 57 के निर्दलीय पार्षद विवेक कोठारी के साथ संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान क्षेत्र में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में रायपुर सीट पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को रायपुर विधानसभा के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया। इस दौरान राजेश शर्मा ने कहा कि मिशन- 2027 केवल चुनाव जीतने का अभियान नहीं, बल्कि जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक मतदाता से संवाद स्थापित करें और विकास की सोच को जन-जन तक पहुंचाएं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजेश शर्मा द्वारा समय से पहले संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू कर देना इस बात का संकेत है कि रायपुर विधानसभा में भाजपा ने मिशन-2027 की तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। आने वाले समय में जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।









