जितेन्द्र तनेजा को फिर प्रेमनगर-कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस की कमान

7

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर जितेन्द्र तनेजा का कद मजबूती से उभरकर सामने आया है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः प्रेमनगर-कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले ने न सिर्फ संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया है, बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह की लहर भी दौड़ा दी है। प्रेमनगर और कौलागढ़ क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल- मालाओं की बारिश और नारों के बीच समर्थकों ने तनेजा का भव्य स्वागत किया। सड़कों पर उमड़ी समर्थकों की भीड़ इस बात का प्रमाण था कि तनेजा की पकड़ संगठन और जनता दोनों में कितनी मजबूत है।

जितेन्द्र तनेजा उन नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने हर कठिन दौर में कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। राजनीतिक उतार-चढ़ाव और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वे चट्टान की तरह पार्टी के साथ खड़े रहे। उनकी इसी निष्ठा, सक्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

स्वागत से अभिभूत तनेजा ने भावुक अंदाज में सभी कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, “यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। आप सभी के आशीर्वाद और सहयोग से मैं संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करूंगा।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं और क्षेत्र में संगठन को और सशक्त बनाएं। तनेजा ने साफ किया कि उनका लक्ष्य सिर्फ संगठन को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना भी रहेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में विश्वास जताया कि जितेन्द्र तनेजा के नेतृत्व में प्रेमनगर-कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस नई ऊंचाइयों को छुएगी और आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूत होकर उभरेगा।