डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित कुख्यात सुपारी किलर ‘जैकी’ को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में थाना राजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर रंजन उर्फ “जैकी” को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के सगे भाई ने ही प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने भाई की हत्या की साजिश रची थी और सुपारी देकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिलाया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रंजन उर्फ जैकी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात सुपारी किलर माना जाता है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर समेत गंभीर धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाओं को सुपारी लेकर अंजाम दे चुका है।

जानकारी के मुताबिक 26 मई 2025 को वादी जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड, देहरादून द्वारा थाना राजपुर में तहरीर दी गई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उसके ममेरे भाई अजय बटेना की कृष्णा विहार, जाखन स्थित आवास पर हत्या कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 101/25 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। लगातार तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस को हत्या में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक के सौतेले भाई ने ही संपत्ति विवाद के कारण हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने शार्प शूटर जैकी को सुपारी देकर अपने ही भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका की मदद से पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने लंबी तलाश और रणनीतिक कार्रवाई के बाद कुख्यात शूटर जैकी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। दून पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!