तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोने की ठगी करने वाला महंत गिरफ्तार

8

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक परिवार से तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर 65 तोला सोने के आभूषण ठगने वाले कथित महंत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 15 तोला सोना, आभूषणों को गलाकर बनाई गई करीब 150 ग्राम की सोने की बार तथा आभूषण बेचकर प्राप्त किए गए 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी प्रकार ठगी का शिकार बनाया है और इस मामले में उसके कुछ साथी भी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल थापा पुत्र गिरीश थापा निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई का कार्य कर रहा था और लोगों को भविष्य बताने तथा माता की चौकी आयोजित करने के बहाने उनके संपर्क में आता था। विश्वास कायम होने के बाद वह तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों को चिन्हित करता था। वह रात के समय उनके घरों के बाहर काले कपड़े में दाल, नींबू, लौंग और अन्य सामग्री की पोटली फेंक देता था। अगले दिन फोन कर परिवार को बताता कि उनके घर पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है और बड़ा अनिष्ट होने वाला है। इसके बाद वह विशेष पूजा-अनुष्ठान कराने की सलाह देकर नकदी और आभूषण अपने कब्जे में ले लेता था।

पीड़िता ओशीन गुरुंग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 मार्च 2026 को आरोपी ने उनके घर में पूजा-अनुष्ठान कराया। इस दौरान उसने महिला और उसकी मां के करीब 65 तोला सोने के आभूषण एक संदूक में रखवाए और 62 दिन तक उसे न खोलने की हिदायत दी। बाद में वह लगातार बहाने बनाकर संदूक खुलवाने से बचता रहा। जब परिवार ने स्वयं संदूक खोला तो उसमें जेवरों की जगह चावल और नारियल रखे मिले।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उनका रिश्तेदार है और वह उसे बड़े भाई की तरह मानती थी। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने परिवार को ठगी का शिकार बनाया। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के कुछ दिन बाद उनकी बहन का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनके क्षेत्र में भी इसी प्रकार पूजा कर एक परिवार के 12 लाख रुपये गायब कर दिए थे। इसके बाद परिवार को शक हुआ, लेकिन अनहोनी के डर के कारण उन्होंने तुरंत संदूक नहीं खोला।

पीड़िता के अनुसार आरोपी इससे पहले भी उनके परिवार से 3 लाख रुपये ठग चुका है। कुछ वर्ष पूर्व मां की तबीयत खराब होने पर आरोपी ने जादू-टोना होने की बात कहकर विशेष पूजा कराने का झांसा दिया था और धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर 3 लाख रुपये ले लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेलाकुई पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने महिला के आभूषण हड़पने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी थाना कैंट और थाना सहसपुर क्षेत्र में ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।