नोएडा में भाजपा नेता ने भाई संग बैंक का सर्वर हैक कर उड़ाए 17 करोड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार

MS Malik
By
4 Min Read

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक भाजपा युवा मोर्चा के नेता ने अपने भाई के साथ मिलकर नैनीताल बैंक का नोएडा साइबर सर्वर हैक कर 16.95 करोड रुपए की ठगी कर डाली. क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपने CA भाई और दोस्त के साथ मिलकर 16 करोड़ 95 लाख की जालसाजी की थी. आरोपी की गिरफ्तारी गाजियाबाद के लाल कुआं के पास से हुई. वहीं, पुलिस जालसाजी के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित नैनीताल बैंक के RTGS (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) चैनल को हैक कर 16 करोड़ 95 लाख रुपए की जालसाजी करने वाला आरोपी भाजपा युवा मोर्चा नेता आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ ही गया. आरोपी को साइबर क्राइम थाने की टीम ने गाजियाबाद के लाल कुआं के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी के गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. जांच के दौरान गिरफ्त में आए आरोपी का नाम प्रकाश में आया था. आरोपी की पहचान दादरी निवासी हर्ष बंसल के रूप में हुई।

नैनीताल बैंक में जालसाजी में आरोपी हर्ष बंसल की गिरफ्तार पर ACP साइबर क्राइम विवेक कुमार रंजन ने बताया कि हर्ष बंसल ने पूछताछ में बताया कि शुभम बंसल उसका बड़ा भाई है और वह CA है. उसका ऑफिस गाजियाबाद के लोहा मंडी में शुभम एंड एसोसिएट के नाम से है. आरोपी हर्ष बंसल का एक दोस्त संजय कुमार है. हर्ष, शुभम और संजय तीनों को पैसों की आवश्यकता थी. कई जगह लोन लेने का तीनों ने प्रयास किया, लेकिन किन्हीं कारणों से लोन नहीं मिल सका।

ACP साइबर क्राइम विवेक कुमार रंजन ने बताया कि हर्ष और शुभम ने अपने साथी संजय कुमार के साथ योजना बनाई कि कुछ फर्जी फर्म खोलकर उनके नाम से करंट अकाउंट खुलवाकर नैनीताल बैंक के सर्वर को हैक कराकर उनमें पैसा ट्रांसफर कराना है, जिनको अन्य खातों में ट्रांसफर कराकर ATM के जरिए रकम निकाल ली जाएगी. इसमें सभी शामिल लोगों को उनका हिस्सा मिलेगा. चूंकि शुभम बंसल CA का काम करता है और इन कामों को बहुत अच्छी तरह से जानता है तो उस पर हर्ष और उसके साथी ने विश्वास करते हुए योजना को अंतिम रूप देने का खाका तैयार किया।

अब तक 2 करोड़ रुपए फ्रीज कराए गए
ACP साइबर क्राइम विवेक कुमार रंजन ने बताया कि इसके लिए पहले इन लोगों ने करंट अकाउंट खोला. शुभम बंसल ने सत्यराज कांट्रेक्टर के अकाउंट नंबर में 19 जून को 99 लाख 80 हजार 500 ट्रांसफर करवाए थे, जिनको अन्य खातों में ट्रांसफर कराकर हर्ष को कमीशन के 6 लाख रुपए दिए गए थे. इस पैसों से हर्ष ने अपना कर्जा चुका दिया. ACP ने बताया कि मामले में शुभम बसंल के ऑफिस बी शुभम एंड एसोसिएट को सील किया गया है. अब तक इस मामले में दो करोड़ आठ हजार रुपए फ्रीज कराए गए हैं. जांच के दौरान जिन आरोपियों के नाम आए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!