पुलिस ने छापेमारी कर अमेरिकी नागरिक समेत 13 जुआरी किए गिरफ्तार, लाखों की नकदी और डॉलर बरामद

6

 

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, हेलीपैड के पास चल रहा था हाई-प्रोफाइल जुए का खेल

देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जुए के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हेलीपैड क्षेत्र के निकट एक निजी मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापेमारी कर एक अमेरिकी नागरिक सहित 13 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद, 41 अमेरिकी डॉलर, 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे) तथा 118 जुआ खेलने में प्रयुक्त चिप्स बरामद किए हैं। बरामद सामग्री और नकदी से स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से बड़े स्तर पर जुए का संचालन किया जा रहा था।
गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजपुर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के पीछे स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डालनवाला नितिन लोहानी के नेतृत्व में राजपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेलीपैड के पीछे क्रिस ज्योति स्कूल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक निजी मकान में औचक छापा मारा।

पुलिस जब मकान के अंदर पहुंची तो कमरे में चार अलग-अलग टेबलों पर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति अमेरिका के ओरेगन राज्य का निवासी भी शामिल है, जो वर्तमान में देहरादून की तिब्बतन कॉलोनी में रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में—
तेनजिंग निमा (51 वर्ष)
तेनजिन छोगे (46 वर्ष)
पेमा वन्सु (59 वर्ष)
फूखु सिरिगं (51 वर्ष)
सिरीगं फुसंको (41 वर्ष)
तेनजिगं (53 वर्ष)
तासी दाण्डो (67 वर्ष) – अमेरिकी नागरिक, मूल निवासी ओरेगन (यूएसए)
ढिले फुर्सत (42 वर्ष)
श्रृंग धुन्धो (65 वर्ष)
योटीन जासू (54 वर्ष)
धारगिल (65 वर्ष)
धुन्डुप (56 वर्ष)
गैल सिंह (47 वर्ष)
शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी तिब्बतन कॉलोनी, सहस्त्रधारा रोड एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से—
167 ताश की गड्डियां
625 डाइस (पासे)
118 जुआ खेलने में प्रयुक्त चिप्स
₹1,52,870 नकद
41 अमेरिकी डॉलर
बरामद किए हैं।
जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में मु0अ0सं0 118/26 के तहत धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इस कार्रवाई में राजपुर थाना पुलिस और एसओजी नगर की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ केवल औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का मिशन बन चुका है। जुए के इस बड़े नेटवर्क पर की गई कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
राजपुर पुलिस और एसओजी की इस संयुक्त कार्रवाई को हाल के समय की सबसे बड़ी जुआ विरोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।