प्रेमनगर क्षेत्र में बनाई गई अस्थाई पुलिया धंसने से भयंकर जाम

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार को भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। हालात इतने विकट हो गए कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। पुलिस ने बमुश्किल जाम की स्थिति को दूर कर यातायात को सामान्य किया।यह सब प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी के पास बनाई गई अस्थाई पुलिया के धंस जाने से हुआ।

15 सितंबर की मध्य रात्रि को बादल फटने/अतिवृष्टि से दून पर चौतरफा टूटी आसमानी आफत के बीच टौंस नदी का पुल बह गया था। यह अभी भी उसी हालत में है। डीएम के निर्देश पर यातायात को बहाल करने के लिए लोनिवि प्रांतीय खंड की मशीनरी ने यद्ध स्तर पर काम करते हुए ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई पुलिया का निर्माण किया था। एक सप्ताह बीतने के बाद हालात अभी सामान्य हुए ही थे कि सोमवार तड़के पुलिया बीचों बीच से धंस गई। बताया जा रहा है कि यहां से खनन के ओवरलोड ट्रकों के गुजरने से भी यह हालात पैदा हुए हैं जिससे पुलिया कमजोर पड़ गई थी।

सुबह राजमार्ग पर जैसे जैसे वाहनों का दबाव बढ़ने लगा, जाम के हालात भी बेकाबू होने लगे। वीडियो में देखा जा सकता है कि जाम की स्थिति कितनी गंभीर हो गई थी। यातायात के लिए फिलहाल फिर से पांवटा साहिब की तरफ से आने के लिए नए ग्रीनफील्ड, जबकि जाने के लिए ठाकुरपुर रोड, शिमला बाईपास का प्रयोग कराया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!