भाजपा के हुए विधायक राजकुमार, नई दिल्ली केंद्रीय कार्यालय में ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

MS Malik
By
2 Min Read

नई दिल्ली। उत्तरकाशी जिले की पुरोला विधानसभा से कांग्रेस विधायक राजकुमार ने आज दिल्ली स्थित भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

एक सप्ताह पहले ही निर्दलीय विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह पंवार को अपने खेमे में करने के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस को झटका दिया है। उत्तरकाशी जिले की सुरक्षित सीट पुरोला विधानसभा से कांग्रेस विधायक राजकुमार आज दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित एक समारोह में भाजपा में शामिल हो गए।

राजकुमार पहले भाजपा में ही थे और असंतुष्ट होकर कांग्रेस में चले गए थे अर्थात उन्होंने घर वापसी की है। कुछ दिन पहले भाजपा ने धनोल्टी विधानसभा से निर्दलीय विधायक प्रीतम पंवार को भाजपा में शामिल कराया था जो कांग्रेस सरकार में भी मंत्री रहे हैं, कांग्रेस को भरोसा था कि प्रीतम आगे भी साथ बने रहेंगे पर भाजपा ने कांग्रेस का यह भ्रम तोड़ दिया।

राजकुमार वर्ष 2007 में पहली बार सहसपुर सुरक्षित सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए, वर्ष 2012 में उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और हार गए, 2017 में वह कांग्रेस के टिकट पर पुरोला सीट से विधायक बने।

भाजपा मुख्यालय दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान , केंद्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, भाजपा उत्तराखंड अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में राजकुमार ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा जल्द ही विपक्ष कांग्रेस को और बड़े झटके देने की तैयारी कर रही है। उसकी सूची में लगभग दो दर्जन चुनावी राजनीति के बड़े नाम है जिन्हें भाजपा में शामिल कराया जा सकता है।

प्रदेश के भाजपा नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि पार्टी नेताओं के संपर्क में कांग्रेस समेत कुल तीन विधायक हैं, जिन्हें जल्द भाजपा में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा कुमाऊं मंडल से दो युवा चेहरों पर भी भाजपा की नजर गडी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!