देहरादून। वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। “महाराणा प्रताप विचार मंच, उत्तराखंड” के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम 9 मई (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से महाराणा प्रताप पार्क, आई.एस.बी.टी परिसर में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत देशभक्ति और सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, युवा और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार यह समारोह न केवल महाराणा प्रताप के शौर्य और बलिदान को याद करने का अवसर होगा, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देने का भी माध्यम बनेगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी श्री यतींद्रानंद गिरि जी महाराज उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सदस्य श्री नरेश बंसल जी शामिल होंगे। दोनों अतिथि अपने उद्बोधन के माध्यम से महाराणा प्रताप के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम के पश्चात प्रातः 11 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।आयोजन के प्रमुख संयोजक रतन सिंह चौहान हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन न केवल एक ऐतिहासिक महापुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है, बल्कि समाज में एकता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करने का प्रयास है।












