मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा, मंत्रिमंडल से कई मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, कुछ का बढे़गा कद

0
154

देहरादून। उत्तराखंड में पुष्कर धामी की कैबिनेट में शीघ्र ही बड़ा फेरबदल हो सकता है। विधानसभा में हुई नियुक्तियों और पेपर लीक मामले से संकट में आई भाजपा सरकार दागी मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर कर अपनी छवि बचाने की कोशिश करेगी।

सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में आधा दर्जन नये चेहरों को शामिल किया जा सकता है। कईं मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा। इन मंत्रियों में प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्य, धन सिंह रावत व कुछ और चर्चित नाम शामिल हो सकते हैं। ऐसी भी खबरें है कि बहुगुणा गुट के सुबोध उनियाल और सौरभ बहुगुणा को पावरफुल मंत्रालय देकर कद बढ़ाया जा सकता है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में पहले से ही तीन मंत्रालयों की कुर्सियां खाली हैं। भाजपा हाईकमान ने मंत्रियों और विधायकों के बारे में गोपनीय रिपोर्ट तैयार कराई है। रिपोर्ट में मंत्रियों के परफार्मेंस पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। इसी संदर्भ में आलाकमान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिल्ली तलब किया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भी दिल्ली में हैं। धामी ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। भर्तियों और पेपर लीक को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस बहुत आक्रामक है। मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल खास निशाने पर हैं। ऐसी विषम स्थितियों में प्रेमचंद अग्रवाल का विदेश जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

सीएम धामी दिल्ली में होने वाली मंत्रियों एक अहम बैठक में भी शामिल होंगे। 660 मेगावाट की बिजली परियोजना को लेकर दिल्ली में छह राज्यों की संयुक्त बैठक बुलायी गयी है। इस उच्च स्तरीय बैठक में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में किसाऊ बांध पर भी चर्चा होगी। बैठक में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी शिरकत करेंगे। किसाऊ बांध टौंस नदी पर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से बनाया जायेगा। बैठक में मुख्यमंत्री धामी कई और लम्बित मामलों पर भी चर्चा कर सकते हैं।

मौजूदा मंत्री एवं उनके कार्यभार
मौजूदा कैबिनेट में सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, प्रेमचंद अग्रवाल,गणेश जोशी, सतपाल महाराज, सौरभ बहुगुणा, चंदन रामदास, रेखा आर्य शामिल हैं। जिसमें सुबोध उनियाल वन, धन सिंह रावत शिक्षा और चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, प्रेमचंद अग्रवाल वित्त, शहरी विकास और आवास, गणेश जोशी ग्राम विकास, कृषि मंत्रालय, सतपाल महाराज लोक निर्माण विभाग, सौरभ बहुगुणा पशुपालन मंत्रालय, चंदन रामदास परिवहन विभाग, समाज कल्याण, रेखा आर्य महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here