शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस पहुंची कप्तान साहब के द्वार

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

राजधानी की चरमराती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में SSP को ज्ञापन सौंपा

देहरादून। राजधानी देहरादून में हर तरफ जाम और लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। शहर में रोजाना लगने वाले लंबे जाम, अवैध पार्किंग, अनियंत्रित सार्वजनिक परिवहन और ट्रैफिक पुलिस की कमी के मुद्दे पर उन्होंने गहरी नाराज़गी जताई।

शर्मा ने कहा कि देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कदम न उठाए जाने के कारण जनता को रोजाना भारी यातना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि घंटाघर, सर्वे चौक, आईएसबीटी, बल्लूपुर, रायपुर रोड, प्रेमनगर सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सड़कें “खुली पार्किंग” में बदल चुकी हैं, जिससे 5-10 मिनट का रास्ता तय करने में आधा से एक घंटा लग रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अनियंत्रित ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा और सिटी बसों का मनमाना संचालन, ओवरलोडिंग, बिना निर्धारित स्टॉप के यात्रियों को उतारना-चढ़ाना, बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण जाम के मूल कारण हैं। कई स्थानों पर खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नल और ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति ने समस्या को और बढ़ा दिया है।

ज्ञापन में कई सुझाव शामिल
ज्ञापन में यातायात सुधार के लिए प्रमुख सुझाव दिए गए, जिनमें शामिल हैं—

अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई और नो पार्किंग ज़ोन में कठोर प्रवर्तन

प्रमुख चौराहों पर 24×7 पुलिस तैनाती और स्मार्ट कैमरा आधारित निगरानी

सिटी बस, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए GPS आधारित रूट कंट्रोल

ओला-ऊबर, रैपिडो, स्विगी-जोमैटो delivery agents का अनिवार्य वेरिफिकेशन

आईएसबीटी के बाहर बसों के सड़क पर खड़े होने पर रोक

खराब ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत और नए सिग्नल की स्थापना

फुटपाथों का पुनर्निर्माण और स्थायी अतिक्रमण हटाना

सड़क चौड़ीकरण, री-डिज़ाइन और मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण

एक प्रभावी सेंट्रल कमांड ट्रैफिक कंट्रोल रूम

भविष्य के लिए देहरादून का इंटीग्रेटेड अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम और परिधीय सड़कें

शराब की दुकानों के बाहर जाम पर नाराज़गी
शर्मा ने किशननगर, बिंदाल, बल्लूपुर, प्रिंस चौक, राजपुर और कारगी चौक में शराब की दुकानों के बाहर लगने वाले जाम पर चिंता जताते हुए कहा कि “इन दुकानों पर ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए दुकानदारों की ओर से गार्ड तैनात किए जाएं और पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित हो।”

ओवरस्पीड डम्परों पर तत्काल रोक की मांग
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि “शहर में रात-दिन ओवर स्पीड और ओवरलोड डम्पर दौड़ रहे हैं, जो सड़क हादसों को न्यौता दे रहे हैं। इन पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब माँगा जाए।”

अंत में लालचंद शर्मा ने SSP से आग्रह किया कि राजधानी की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु तत्काल और प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता दीप चंद वोहरा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम नीनू सहगल, सुनील बांगा, पार्षद अर्जुन सोनकर, वीरेंद्र बिष्ट, प्रदेश सचिव प्रवीन त्यागी, पार्षद एतात खान, अनूप कपूर, प्रेमलता भर्तरि, आकाश राणा, आशु रतूड़ी, भरत शर्मा, शालिम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!