120 से ज्यादा महिलाओं से रेप के आरोपी जलेबी बाबा को अदालत ने सुनाई 14 साल की सजा

MS Malik
By
5 Min Read

जलेबी बाबा के खिलाफ 6 पीड़ित महिलाओं ने न्याय के लिए अदालत की ली थी शरण

नई दिल्ली। हरियाणा के बहुचर्चित जलेबी बाबा सेक्स स्कैंडल मामले में फतेहाबाद की कोर्ट ने अमरपुरी उर्फ जलेबी बाबा को 14 साल कैद की सजा सुनाई है. जलेबी बाबा पर तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं से रेप करने का आरोप था, जिसमें उसे दोषी करार दिया गया है. जलेबी बाबा पर रेप के साथ ही पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट में भी मामला दर्ज था।

आरोपों के मुताबिक, जलेबी बाबा उर्फ अमरपुरी ने नशीली चाय पिलाकर 120 से ज्यादा महिलाओं के साथ रेप किया था. इतना ही नहीं, उसने इन सभी महिलाओं के साथ दुष्कर्म के वीडियो भी बनाए थे. जिनके दम पर जलेबी बाबा महिलाओं को ब्लैकमेल करता था. कोर्ट में सजा सुनाए जाने वक्त अमरपुरी रहम की भीख मांग रोने लगा। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ था, जब जलेबी बाबा के खिलाफ 6 पीड़ित महिलाओं ने न्याय की आस में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. इन्होंने पूरी दुनिया के सामने जलेबी बाबा का पर्दाफाश कर दिया. आइए जानते हैं कौन है जलेबी बाबा, जिसने नशीली चाय पिलाकर 120 से ज्यादा महिलाओं का रेप किया था।

जलेबी की रेहड़ी लगाता था अमरवीर
पुलिस के अनुसार, पंजाब के मानसा जिला का रहने वाला अमरवीर हरियाणा के टोहाना में जलेबी की रेहड़ी लगाता था. कारोबार अच्छा चलने लगा था और उसकी खूब तरक्की हुई. इस दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई. अमरवीर उर्फ जलेबी बाबा के परिवार चार लड़कियां और दो लड़के थे. जिनकी शादी उसने पंजाब में करा दी थी।

तांत्रिक से मुलाकात के बाद गायब हो गया था अमरवीर


कहा जाता है कि पत्नी की मौत के बाद अमरवीर किसी तांत्रिक के संपर्क में आया था. पंजाब से आए इस तांत्रिक को अमरवीर ने अपना गुरू मान लिया और उससे तंत्र-मंत्र की विद्या सीखी. इसके बाद अमरवीर दो साल के लिए टोहना छोड़ कर गायब हो गया था. लोग कहते हैं कि वो पंजाब चला गया था।

मंदिर खोल करने लगा लोगों के कष्टों का निवारण
टोहना वापस आने के बाद अमरवीर का नाम अमरपुरी हो चुका था और उसने वार्ड नंबर 19 में एक मकान में बाबा बालकनाथ का मंदिर बनाया. इसी मकान में वो अपने बच्चों के साथ रहता भी था.अमरपुरी मंदिर में आने वाले लोगों की तंत्र-मंत्र के जरिये समस्याओं का निवारण का दावा करने लगा.उसका जादू ऐसा चला कि उसके घर पर लोगों की लाइन लगने लगी।

मुखबिर से मिला था पुलिस को एक वीडियो
अमरपुरी को लोग बाबा बिल्लूराम और जलेबी बाबा जैसे नामों से पुकारने लगे थे. 2018 में टोहना में पुलिस के एक अधिकारी को उनके मुखबिर ने मोबाइल पर एक अश्लील वीडियो भेजा, जिसमें जलेबी बाबा महिला के साथ कुकर्म करता नजर आ रहा था. वीडियो सामने आने के बाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार की शिकायत पर जलेबी बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

120 से ज्यादा महिलाओं के अश्लील वीडियो हुए थे बरामद
अमरपुरी उर्फ जलेबी बाबा को जब पकड़ा गया, तो उसके पास से महिलाओं के साथ रेप करने के 120 से ज्यादा वीडियो बरामद हुए थे. पुलिस की पूछताछ में जलेबी बाबा ने बताया था कि इलाज के नाम पर वह महिलाओं को बुलाता था. जिसके बाद नशीली चाय पिलाकर महिलाओं के साथ रेप करता था और उनके वीडियो भी बना लेता था।

ब्लैकमेलिंग में फंसी महिलाओं के डर का उठाता था फायदा
जलेबी बाबा उर्फ अमरपुरी इन अश्लील वीडियो के सहारे महिलाओं को ब्लैकमेल करता था. बदनामी के डर से महिलाओं ने उसके खिलाफ चुप्पी साध रखी थी. इसी बीच एक महिला ने उसके खिलाफ शिकायत की. जिसमें उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 328, 376 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।

कोर्ट ने सुनाई 14 साल की सजा
जलेबी बाबा की गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से अश्लील वीडियो के साथ भभूत, नशे की गोलियां और वीसीआर भी बरामद हुआ था. कोर्ट ने इस मामले में अब जलेबी बाबा को 14 साल कैद की सजा के साथ 35 हजार जुर्माना भी लगाया है. उसे आईपीसी की धारा 376सी में 7-7 साल, पॉक्सो एक्ट में 14 साल और आईटी एक्ट में 5 साल की सजा सुनाई गई है. सभी सजा एक साथ चलेंगी. हालांकि, आर्म्स एक्ट के मामले में उसे बरी कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!