17 हज़ार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे जहाज़ पर गिरी आकाशीय बिजली, क्षतिग्रस्त हुआ अगला हिस्सा

6

 

पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट को उड़ान के दौरान बिजली ने अपनी चपेट में ले लिया। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को काफी नुकसान पहुंचा।

नई दिल्ली। पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट पर रास्ते में अचानक बिजली गिर गई। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए विमान की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E925 के साथ हुई। विमान पटना-लखनऊ रूट पर संचालित हो रहा था और इसमें कुल 104 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। बिजली गिरने के बाद विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात रही कि किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।

मिड-एयर में बिजली की चपेट में आने के बावजूद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा। खास बात यह रही कि विमान अपने निर्धारित समय से करीब आठ मिनट पहले ही लखनऊ पहुंच गया। लैंडिंग के बाद विमान की तस्वीर सामने आई, जिसमें उसके नोज वाले हिस्से को काफी क्षतिग्रस्त देखा गया। घटना के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया।

इंडिगो ने घटना की जानकारी विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। विमान को जरूरी तकनीकी जांच और निरीक्षण के बाद ही दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। विमान फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पर रहेगा और DGCA से मंजूरी मिलने के बाद ही उसे आगे के संचालन के लिए रवाना किया जाएगा। एयरक्राफ्ट की पूरी तरह जांच की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह उड़ान के लिए सुरक्षित है।

बिजली गिरने से विमान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचने के बावजूद अंदर मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों को किसी तरह की चोट नहीं आई। 104 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना ने एक बार फिर यह दिखाया कि उड़ान के दौरान मौसम संबंधी चुनौतियां कितनी अचानक सामने आ सकती हैं। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और DGCA की मंजूरी के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।