देहरादून। राजधानी देहरादून की राजपुर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी के आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी भू-माफिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने तथा राजपुर रोड स्थित कीमती भूमि के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से अवैध .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मीडिया को बताया कि लक्ष्मण चौक निवासी कमल जिंदल की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार विशाल कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजपुर रोड पर स्थित एक संपत्ति का सौदा कराने का झांसा दिया और विभिन्न माध्यमों से 6 करोड़ 75 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही धनराशि वापस की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का मुकदमा दर्ज है। मामले में नामजद होने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था और गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। राजपुर थाना पुलिस ने तपोवन रोड स्थित आईटी पार्क चौक के पास चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त उसकी क्रेटा कार को भी सीज कर दिया है।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर के शांतिनगर निवासी 46 वर्षीय विशाल कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, लूट, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 24 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पूर्व में चर्चित रजिस्ट्री घोटाले में जेल भी जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर यूपी और उत्तराखंड में अब तक तीन बार गैंगस्टर एक्ट लगाया जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस चौथी बार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।











