देर शाम आई आंधी में तहसील के पास पेड़ गिरने से महिला की मौत

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

दून में 24 घंटे में पेड़ गिरने से दूसरी मौत, बेटी संग खरीदारी करने आई थी महिला

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर शाम आई आंधी तूफान से तहसील के पास एक पेड़ महिला के ऊपर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी मौत हो गई। शनिवार 31 मई को शिमला बाइपास रोड निवासी 63 वर्षीय रेखा अपनी बेटी और नातिन के साथ खरीदारी करने पलटन बाजार पहुंची थीं। खरीदारी के बाद वह तहसील चौक स्थित पार्किंग की ओर लौट रही थीं, तभी अचानक आए तेज अंधड़ के बीच एक विशाल पेड़ उनके ऊपर आ गिरा। जिससे रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, उनकी बेटी आकृति जो कुछ कदम आगे चल रही थी, बाल-बाल बच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाया गया और रेखा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि आकृति और उनकी गोद में मौजूद बच्ची सुरक्षित हैं।

दो दिनों के भीतर पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। शुक्रवार को एफआरआई परिसर में एक सूखा पेड़ ऑटो चालक पर गिरा, जबकि शनिवार को पलटन बाजार में एक महिला पेड़ के नीचे दब गई।

इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को एफआरआई परिसर में वसंत विहार निवासी ऑटो चालक अनिल कुमार (उम्र 38) अपनी दवाई लेने अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टर के कहने पर वह अपने ऑटो में इंतजार कर रहा था। तभी अचानक एक सूखा पेड़ ऑटो पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

दोनों मामलों में यह सामने आया कि पेड़ पुराने, जर्जर और लंबे समय से सूखे थे, जिनके कटान या छंटाई को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर भर में ऐसे दर्जनों पेड़ हैं जो जान जोखिम में डाल रहे हैं, लेकिन नगर निगम, वन विभाग और अन्य जिम्मेदार एजेंसियां आंख मूंदे बैठी हैं।

शहर के राजपुर रोड, चकराता रोड, मालसी, मोहब्बेवाला, रिंग रोड और शिमला बाईपास जैसे क्षेत्रों में कई पेड़ या तो सड़कों पर झुके हुए हैं या सूख चुके हैं। हर आंधी और बारिश के साथ इनमें से कोई भी पेड़ गिरकर हादसे का कारण बन सकता है।

इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि दून शहर में पेड़ों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। अब समय है कि प्रशासन पूरे शहर में ऐसे पेड़ों की पहचान कर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करे। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं बार-बार दोहराई जाएंगी और बेकसूर लोग जान गंवाते रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!