राजधानी में प्रतिष्ठित होटल के रूम से ज्वैलरी चोरी, अज्ञात में मुकदमा दर्ज

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजपुर रोड स्थित प्रतिष्ठित होटल में ठहरे एक परिवार के कमरे से महिला के सोने के आभूषण चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने चौकी जाखन में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पदमपुर कोटद्वार के रहने वाले आशीष कुकरेती तीन दिसंबर को अपनी पत्नी और बेटे के साथ पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून आए थे। वे राजपुर रोड स्थित हयात सेंट्रिक होटल में रुके हुए थे।

चार दिसंबर को सुबह लगभग 10 बजे उनकी पत्नी अनामिका, पूरी सोने की ज्वेलरी पहनकर हल्दी समारोह में शामिल होने गई थीं। समारोह समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 3 बजे वे वापस होटल में वापस आ गए।कमरे में आकर अनामिका ने नथ, कंगन, मांगटीका सहित सभी सोने के आभूषण एक पाउच में भरकर बिस्तर पर रख दिए। उस समय आशीष कुकरेती थकान के कारण कुर्सी पर बैठ गए। इसी दौरान लगभग 3:45 बजे होटल का हाउसकीपिंग कर्मचारी कमरे में आया। पहले पत्नी ने कमरे की सफाई से मना किया, लेकिन बाद में सफाई की अनुमति दे दी गई। इसके बाद अनामिका और आशीष की एक अन्य रिश्तेदार तैयार होने के लिए बाहर चली गईं, जबकि कमरे में आशीष और हाउसकीपिंग कर्मचारी मौजूद रहे। तहरीर के अनुसार आशीष कुर्सी पर बैठे- बैठे सो गए और हाउसकीपिंग कर्मी शाम करीब 4:30 बजे कमरे से चला गया।

रात लगभग 8:30 बजे आशीष विवाह समारोह में चले गए। देर रात जब परिवार वापस कमरे में लौटा और ज्वेलरी पाउच की जांच की गई तो वह गायब मिला। पूरे कमरे की तलाशी लेने के बावजूद सोने के आभूषण नहीं मिले। जिसके बाद घटना की सूचना होटल रिसेप्शन को दी गई। इसके बाद पीड़ित ने चौकी जाखन पहुंचकर लिखित तहरीर देकर चोरी गई ज्वेलरी की सूची अलग से देने की बात कही है तथा पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

घटना के बारे में होटल प्रबंधन का कहना है कि प्रत्येक रूम में एक लॉकर गेस्ट को दिया जाता है, ताकि वह अपनी कीमती वस्तुएं वहां रख सकें। यह विकल्प अपनाया नहीं गया था और दुर्भाग्यपूर्ण घटना संज्ञान में आई। प्रबंधन ने बताया कि हाउस कीपिंग स्टाफ की रूम में उपस्थिति के दौरान विवाह समारोह से संबंधित 15 से 20 अन्य मेहमान भी कमरे में गए थे।पुलिस ने भी हर एंगल से जांच की है। पुलिस को पूरा सहयोग किया गया। सभी सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कराया गया। पुलिस ने होटल के साथ ही संबंधित हाउस कीपिंग स्टाफ के घर तक की जांच की गई। कहीं कुछ नहीं पाया गया। आगे भी इस मामले में पूरा सहयोग किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!