नारी निकेतन में महिला की मौत पर मंजू डोभाल ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

Astitva Times Desk
5 Min Read

 

सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई और दोषियों को कठोर सजा देने की उठाई मांग, महिलाओं की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून। राजधानी देहरादून के
मोथरोवाला स्थित नारी निकेतन में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मंजू डोभाल ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

श्रीमती डोभाल ने कहा कि नारी निकेतन जैसे संस्थान महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण के लिए बनाए गए हैं, लेकिन वहां इस तरह की घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए सरकार को तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश देने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

मंजू डोभाल ने मांग की कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों को कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसे सुनिश्चित करना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों से महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर जागरूक होकर आवाज उठाने की अपील भी की।

 

 

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित नारी निकेतन में एक 35 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने सीढ़ियों की रेलिंग में चुन्नी से फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर सबूत जुटाए। इसके बाद महिला को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


नारी निकेतन की अध्यक्ष मीना बिष्ट के अनुसार मृतका का नाम ममता है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की रहने वाली थी। करीब छह महीने पहले वह हल्द्वानी में अकेली और दिशाहीन अवस्था में भटकती हुई मिली थी। बताया गया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और शुरुआती दिनों में न तो वह अपना नाम बता पा रही थी और न ही घर का पता।

उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ और उसने अपने पति का नाम कालकादीन उर्फ अजय तथा अपने गांव का पता बताया। इसके बाद नारी निकेतन की ओर से उसके पति से संपर्क किया गया और उन्हें देहरादून बुलाया गया। तय हुआ था कि ममता कुछ दिनों में अपने पांच बच्चों के पास गांव लौट जाएगी। उसके पांचों बच्चे गांव में अपने पिता के साथ रह रहे थे और मां के लौटने का इंतजार कर रहे थे।

महिला आयोग ने दिए जांच के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य महिला आयोग ने घटना का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कराने और नारी निकेतन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने यह भी पूछा है कि जब महिला घर लौटने की तैयारी में थी तो आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं कि उसने यह कदम उठा लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में फांसी लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। नारी निकेतन में हुई इस घटना ने एक बार फिर वहां की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!