देहरादून। राजधानी के राजपुर रोड क्षेत्र में स्थित क्लब से जुड़े विवाद और उसके बाद जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग की घटना ने पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। पूरे घटनाक्रम में लापरवाही सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राजपुर रोड क्षेत्र में स्थित GEN-Z क्लब/बार निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित हो रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात क्लब में मौजूद कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद समझा जा रहा यह मामला धीरे-धीरे बढ़ता गया और क्लब के बाहर तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि क्लब में हुआ विवाद बाद में जोहड़ी गांव तक पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों के बीच फिर से आमना-सामना हुआ और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। गोली चलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कुठालगेट चौकी प्रभारी, उप निरीक्षक अशोक कुमार द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।आरोप है कि क्लब निर्धारित समय के बाद भी संचालित हो रहा था, लेकिन इसे बंद कराने और विवाद की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी लापरवाही के चलते मामला बढ़कर फायरिंग जैसी गंभीर घटना तक पहुंच गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने कुठालगेट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी में कमी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर के क्लबों और बारों में समय सीमा का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। राजपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात बार में हुए विवाद ने सोमवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों पक्षों के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 को सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो वाहन में सवार युवकों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हुआ।बताया गया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे जोहड़ी गांव निवासी मुकेश कुमार जोशी (74) को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर में बैठे लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथी अस्पताल ले गए। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के परिजनों की तहरीर पर राजपुर थाना में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने अलग- अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की और जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच में सामने आया कि घटना की असली वजह रोड रेज नहीं बल्कि एक दिन पहले बार में हुआ विवाद था। 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में बिल कम कराने को लेकर बार कर्मचारियों और कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया था। विवाद के दौरान बार कर्मियों ने एक युवक की स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ दिया था।

अगली सुबह जब बार कर्मचारी अपने मोबाइल लेने के लिए बार मालिक की फॉर्च्यूनर कार से जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उन्हें देख लिया और बदला लेने के लिए पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। जवाब में फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने भी अपने पास मौजूद तमंचों से फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली राह चलते बुजुर्ग को लग गई। पुलिस ने पूछताछ और जांच के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार (20), मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर (23), बार संचालक संदीप कुमार (43) और आदित्य चौधरी (20) शामिल हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो भी डोईवाला क्षेत्र के थानो रोड स्थित जंगल से बरामद कर ली गई है। पुलिस ने घटना से जुड़े बार ZEN-Z को बंद कराकर सील कर दिया है तथा उसका लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले में शान्तनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।











