रुद्रपुर: रुद्रपुर स्थित मेट्रोपोलिस मॉल में गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई केंद्रों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। छापेमारी की सूचना मिलते ही कुछ स्पा सेंटर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर ताला लगा दिया और मौके से चले गए। प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कटर मशीन की मदद से ताले खुलवाकर अंदर जांच की।
जांच के दौरान कई युवक और युवतियां स्पा सेंटरों के अंदर मौजूद मिले। अधिकारियों ने सभी से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में कई स्पा सेंटरों में निर्धारित मानकों का पालन न किए जाने की बात सामने आई है। इनमें लाइसेंस संबंधी औपचारिकताओं, कर्मचारियों के सत्यापन और संचालन नियमों के उल्लंघन के आरोप शामिल हैं। प्रशासन ने मौके पर ही संबंधित संचालकों के खिलाफ चालान किया और आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं। जिन स्पा सेंटरों के ताले तोड़े गए, वहां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने तक निगरानी जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मॉल में संचालित कुछ स्पा सेंटरों पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद इनके दोबारा संचालित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या गंभीर अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












