दून में DRDO स्कूल के DAV प्रबंधन को सौंपने के फैसले के खिलाफ अभिभावकों का प्रदर्शन

4

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के अंतर्गत संचालित स्कूल को DAV प्रबंधन समिति को ट्रांसफर करने के निर्णय के बाद विवाद गहराता जा रहा है। इस फैसले के विरोध में अभिभावकों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव महेन्द्र सिंह नेगी गुरू जी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अभिभावकों का कहना है कि इस अचानक लिए गए निर्णय से बच्चों की पढ़ाई, फीस संरचना और स्कूल के भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिना अभिभावकों से राय लिए इस तरह का फैसला लेना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार और संबंधित विभाग इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और अभिभावकों के हितों को प्राथमिकता दे।

नेगी गुरू जी ने कहा कि यदि इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, स्कूल प्रशासन की ओर से अभी तक इस विरोध प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है।