देहरादून। लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की ओर से जारी आदेश के अनुसार कल 27 अप्रैल 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर- सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने ka निर्देश जारी किया गया हैं।
आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी और मौजूदा मौसम परिस्थितियों के मद्देनज़र जिले में अत्यधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा अधिक बताया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। सभी विद्यालय प्रबंधन और संबंधित संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, ओआरएस, ठंडे पेयजल तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और जरूरी सावधानियां बरतें।










