खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन; राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने किया हैंडबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन

29

 

देहरादून/चिन्यालीसौड़। राज्य स्तरीय खेल विकास परिषद के अध्यक्ष/ राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला रविवार को उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।यूजेवीएनएल गेस्ट हाउस में जिला खेल अधिकारी सुश्री निधि बिंजोला एवं खेल विभाग के कोचों ने राज्य मंत्री का अभिनंदन किया।

इसके पश्चात राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने चिन्यालीसौड़ स्थित राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ में आयोजित स्वर्गीय रामकृष्ण कुकरेती मेमोरियल हैंडबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में कुलदीप बुटोला ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के माध्यम से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और युवाओं में खेल भावना को मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी सुमन बडोनी, जिला खेल अधिकारी सुश्री निधि बिंजोला, नगर मंडल अध्यक्ष मनीष कुकरेती, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित सकलानी, मंडल उपाध्यक्ष कंडियाल सहित खेल विभाग उत्तरकाशी के समस्त कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

कुमाऊं दौरे पर पहुंचे राज्य मंत्री, काशीपुर स्टेडियम का किया निरीक्षण

देहरादून/काशीपुर। राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला सोमवार को अपने कुमाऊं दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काशीपुर स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां संचालित खेल गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों एवं कोचों से मुलाकात कर खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा खिलाड़ियों को आ रही समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

 

राज्य मंत्री बुटोला ने खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं खेल मंत्री श्रीमति रेखा आर्य से वार्ता कर शीघ्र उचित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि युवाओं को बेहतर खेल संसाधन, आधुनिक सुविधाएं और उचित अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

बुटोला ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रदेश का नाम देशभर में गौरवान्वित करेगा।