भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार की मौत चार घायल

Astitva Times Desk
5 Min Read

 

लगातार दूसरे दिन सड़क दुर्घटना से प्रदेश में शोक की लहर, बुधवार को देहरादून के झड़ीपानी क्षेत्र में हुई थी चार लोगों की मौत

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। देवाल-घेस मोटरमार्ग पर कुनार बैंड के समीप एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन यात्रियों को लेकर घेस क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुनार बैंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासनिक टीमों और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या वाहन में तकनीकी खराबी को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।

लगातार दूसरे दिन सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन हुए बड़े सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इससे एक दिन पहले देहरादून के झड़ीपानी क्षेत्र में भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत होने से प्रदेश में शोक और चिंता का माहौल है।

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था, वाहन संचालन और पहाड़ी मार्गों की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। वहीं, दोनों हादसों के बाद प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

देहरादून। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। उत्तरकाशी से लौट रही एक कार झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे मसूरी कंट्रोल रूम को झड़ीपानी मार्ग पर एक कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तथा 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले कार सवार लोग सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर रुके थे। वहां से कुछ सामान खरीदने के बाद जब उन्होंने कार स्टार्ट की, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि कार कई सौ फीट नीचे जाकर क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान संगीता, सविता, मानिक और सत्य प्रकाश के रूप में हुई है। सभी गाजियाबाद के निवासी थे और उत्तरकाशी से वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है पुलिस ने घटनास्थल से एक शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अचानक अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी खराबी अथवा अन्य कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए रेस्क्यू अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!