प्रधानमंत्री मोदी ने किया हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कर देश की रेलवे अधोसंरचना को नई गति प्रदान की। इसी क्रम में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत तथा विधायक ब्रजभूषण गैरोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने पुनर्विकसित स्टेशन का अवलोकन किया और इसे उत्तराखण्ड के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल यात्री आवागमन का केंद्र बनाना नहीं, बल्कि उन्हें स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकास के नए प्रतीक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि देशभर में रेलवे के व्यापक आधुनिकीकरण के माध्यम से यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हर्रावाला रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत स्टेशन परिसर को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, आकर्षक प्रवेश द्वार, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर पार्किंग एवं सुगम आवागमन जैसी अनेक सुविधाओं का विकास किया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में रेलवे, सड़क, हवाई और अन्य आधारभूत ढांचों का तेजी से विस्तार हो रहा है। हर्रावाला रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण न केवल देहरादून बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड को मिल रही विकास परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना प्रदेश में आधुनिक और सशक्त रेलवे नेटवर्क के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब आधुनिक भारत की नई सोच, बेहतर यात्री सुविधाओं और विकसित उत्तराखण्ड की आकांक्षाओं का प्रतीक बनकर उभरेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!