देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, देहरादून में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में नगर निगम देहरादून की निर्दलीय पार्षद श्रीमती बरखा पाल, छात्र नेता दिवाकर, महेश पाल के नेतृत्व में कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने राजपुर रोड विधायक एवं कैबिनेट मंत्री खजानदास के नेतृत्व और उनके जनहितकारी कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा। इस दौरान उन्होंने भाजपा की राष्ट्रीय नीतियों तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों पर अपना विश्वास व्यक्त किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार और कैबिनेट मंत्री खजानदास ने भाजपा में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने सभी का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि अब से सभी कार्यकर्ता भाजपा परिवार के अभिन्न सदस्य हैं और उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजानदास ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, मजबूत संगठन और केंद्र व भाजपा शासित राज्यों की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकारों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं से प्रभावित होकर लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं, जिससे संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है।
भाजपा में शामिल हुईं निर्दलीय पार्षद श्रीमती बरखा पाल ने कहा कि भाजपा की विकासपरक नीतियों और सरकार के जनहितकारी कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। छात्र नेता दिवाकर और महेश पाल ने भी भाजपा की विचारधारा में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी जगमोहन रावत, प्रदेश कार्यालय सह-प्रभारी संकेत नौटियाल, करनपुर मंडल अध्यक्ष राहुल लारा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।












