भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका के बीच बड़ा फैसला; कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी व निजी विद्यालय रहेंगे बंद
देहरादून। राजधानी देहरादून में अगले 24 घंटों में मौसम के और अधिक बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून ने 14 अगस्त 2026 को जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में जनपद में वर्षा का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा National Disaster Alert Portal से 13 अगस्त को जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान/नाउकास्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक 14 अगस्त को देहरादून जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इसमें सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालय शामिल हैं। यानी जनपद के सभी प्रकार के स्कूलों पर यह आदेश लागू होगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 14 अगस्त को बंद रहेंगे। प्रशासन ने इसे आपदा न्यूनीकरण और सुरक्षा की दृष्टि से लिया गया एहतियाती कदम बताया है।जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्चों को किसी भी संभावित खतरे से बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।मौसम विभाग के अलर्ट के बीच देहरादून में बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली और अचानक अत्यधिक वर्षा की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून डॉ. आशीष चौहान की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।












