मौत को छूकर निकला बेकाबू ट्रक! गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर घुसा ईंटों से लदा ट्रक

Astitva Times Desk
8 Min Read

मोहब्बेवाला में फिर हादसा, छात्राओं की सुरक्षा पर मंडराया खतरा; गनीमत रही टल गई बड़ी अनहोनी

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नेशनल हाईवे से आ रहा ईंटों से लदा एक भारी- भरकम ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ता हुआ परिसर के अंदर जा घुसा। ट्रक की जोरदार टक्कर से दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त हॉस्टल में छात्राओं की मौजूदगी ने घटना की गंभीरता और बढ़ा दी।
गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई छात्रा या अन्य व्यक्ति नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। अगर ट्रक की दिशा या समय में मामूली अंतर भी होता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

धड़ाम की आवाज से सहम उठा हॉस्टल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के अनियंत्रित होते ही कुछ ही पलों में वह सड़क किनारे स्थित हॉस्टल की दीवार से जा टकराया। तेज टक्कर के बाद दीवार टूट गई और ट्रक परिसर के भीतर जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे से हॉस्टल में मौजूद छात्राओं और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ट्रक चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हॉस्टल परिसर से हटाया गया।

इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन घटना अपने पीछे कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। आखिर भारी वाहनों के लिए संवेदनशील मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं? तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों पर प्रभावी निगरानी कब होगी? और सबसे बड़ा सवाल—क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर ट्रक का परिसर में घुस जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।

कांग्रेस नेता रमेश कुमार मंगू ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मोहब्बेवाला में लगातार हो रही दुर्घटनाएं बेहद गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हुआ हादसा इस बात का प्रमाण है कि सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
मंगू ने कहा, “आज जिस तरह ईंटों से लदा ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर परिसर में जा घुसा, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां हालात कितने गंभीर हैं। गनीमत रही कि किसी छात्रा की जान नहीं गई। लेकिन हर बार हादसे के बाद सिर्फ राहत की बात करना पर्याप्त नहीं है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।”
उन्होंने कहा कि मोहब्बेवाला जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा और दुर्घटना संभावित स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।

‘गनीमत’ के भरोसे कब तक चलेगी सुरक्षा?
शुक्रवार की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क किनारे स्थित आवासीय और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर क्या पर्याप्त इंतजाम हैं। आज एक ट्रक दीवार तोड़कर अंदर घुसा और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अगली बार हालात इतने सौभाग्यशाली हों, यह जरूरी नहीं। मोहब्बेवाला का यह हादसा महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक चेतावनी है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हैं या फिर अगली घटना तक इंतजार किया जाता है।

सहारनपुर की ओर से सीमेंट लेकर देहरादून आ रहा था 16 टायरों वाला ट्रक, मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद करीब 200 मीटर दूर जाकर पलटा

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला स्थित आशारोड़ी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून की ओर आ रहा 16 टायरों वाला एक ट्रक मोहब्बेवाला ढाल के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और इसके बाद करीब 200 मीटर आगे जाकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पलटे ट्रक से बड़ी मात्रा में सीमेंट सड़क पर बिखर गया, जिसके चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया।

 

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान जमील (50 वर्ष), निवासी छुटमलपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में बबलू (45 वर्ष) और रोली (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों मोहब्बेवाला, देहरादून के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद नंबर का 16 टायरों वाला ट्रक सहारनपुर की ओर से सीमेंट लेकर देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला ढाल के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने सबसे पहले एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद ट्रक बेकाबू होकर करीब 200 मीटर तक आगे गया और हाईवे पर ही पलट गया।
ट्रक के पलटने से उसमें लदा सीमेंट सड़क पर फैल गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आईएसबीटी चौकी प्रभारी, क्लेमेंट टाउन फायर टीम और पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की और सड़क पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। सड़क के बीचोंबीच पलटे ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा क्रेन की मदद ली गई। ट्रक हटाए जाने के बाद सड़क पर बिखरे सीमेंट को भी साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

पुलिस फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।मोहब्बेवाला और आशारोड़ी क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!