Job vacancy; 1,694 वर्दीधारी पदों पर सीधी भर्ती, 25 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

Astitva Times Desk
3 Min Read

देहरादून। प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में वर्दीधारी पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 1,694 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती में पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, फायरमैन सहित विभिन्न विभागों के पद शामिल हैं।

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती के तहत जिला पुलिस में पुरुष कांस्टेबल के 464 और महिला कांस्टेबल के 238 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं पीएसी/आईआरबी में पुरुष कांस्टेबल के 284 पद तथा अग्निशामक विभाग में 201 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा वन विभाग, कारागार विभाग, सचिवालय, आबकारी और परिवहन विभाग में भी युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा।

आयोग के भर्ती विज्ञापन के अनुसार वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, पुरुष बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1,694 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की है। इसके बाद 28 से 30 दिसंबर 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर दिया जाएगा। भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 4 अप्रैल 2027 तय की गई है।

भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को शारीरिक मानक परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित प्रतियोगी परीक्षा से गुजरना होगा। लिखित परीक्षा 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय होगी। संबंधित पदों के लिए शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मापदंड और अन्य पात्रता शर्तें आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार लागू होंगी।
इस भर्ती से प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि भर्ती में महिला अभ्यर्थियों के लिए भी अलग से पद निर्धारित किए गए हैं। लंबे समय से पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद इसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट:
https://sssc.uk.gov.in/
भर्ती विज्ञप्ति एवं नोटिफिकेशन:
https://sssc.uk.gov.in/document-category/recuritment-notification/
भर्ती विज्ञापन संख्या: 84/2026
आवेदन शुरू होने की तिथि: 25 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 25 दिसंबर 2026
अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आयु सीमा, शैक्षिक योग्यता, आरक्षण, शारीरिक मापदंड और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों की पुष्टि मूल नोटिफिकेशन से अवश्य करें। आवेदन का लिंक निर्धारित तिथि से सक्रिय होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!