एबीपी न्यूज और सी-वोटर वोटर का सर्वे, जानें 5 राज्यों में किसकी बन रही सरकार?

MS Malik
By
5 Min Read

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की मुनादी हो चुकी है। राजनीतिक पार्टियां वोटरों को लुभाने की कोशिशों में पूरे दमखम से जुट गई हैं। ऐसे में एबीपी न्यूज और सर्वे एजेंसी सी-वोटर ने ओपिनियन पोल के माध्यम से मतदाताओं के मूड को समझने की कोशिश की है कि कहां किसके पक्ष में माहौल है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, बंगाल में एक बार फिर से ममता बनर्जी की सरकार बनती दिख रही है। अगर ओपनियन पोल के अनुमान सही होते हैं तो टीएमसी की हैट्रिक होगी। हालांकि, भाजपा का भी प्रदर्शन काफी बेहतर होता दिख रहा है। वहीं असम में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने का अनुमान है।

तो चलिए जानते हैं बंगाल से लेकर केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में ओपिनियन पोल में क्या है जनता का मूड? 

बंगाल में फिर दीदी का  जलवा?
पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से दीदी का जलवा देखने को मिल सकता है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल के मुताबिक, बंगाल में इस बार भी कोई सत्ता परिवर्तन होता नहीं दिख रहा है। बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी की सरकार 148 से 164 सीटों के साथ बन सकती है। हालांकि, भाजपा का प्रदर्शन भी काफी बेहतर होता दिख रहा है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, भाजपा के खाते में 100 से ज्यादा सीटें जा सकती हैं। पोल में भाजपा को 92 से 108 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, तीन दशक से ज्यादा समय तक सत्ता में रहने वाले वामदलों को गहरा झटका लगता दिख रहा है। कांग्रेस के लिए भी सर्वे निराशाजनक तस्वीर पेश कर रहा है। सर्वे के अनुसार लेफ्ट कांग्रेस गठबंधन को 31 से 39 सीटें ही मिल सकती हैं।

पुडुचेरी में बन सकती है भाजपा की सरकार
अगर पुडुचेरी की बात करें तो यहां कांग्रेस को बड़ा झटका लगता दिख रहा है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल में पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, पुडुचेरी में बीजेपी के खाते में 17-21 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 8-12 और अन्य के खाते में 1-3 सीटें जा सकती हैं। 

केरल में बचा रहेगा लेफ्ट का किला
ओपनियन पोल के मुताबिक, केरल में लेफ्ट का किला बचा रह सकता है।  एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल के मुताबिक, सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ को आगामी विधानसभा चुनाव में 91 सीटें मिलने का अनुमान है। पोल के मुताबिक, एलडीएफ को 83-91 तक सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस की अगुआई वाली यूडीएफ को 47 से 55 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है। बीजेपी को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। बता दें कि राज्य में सरकार बनाने के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है।

असम में फिर भाजपा सरकार?
न्यूज चैनल एबीपी और सर्वे एजेंसी सी-वोटर के ओपिनियन पोल में असम में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। पोल के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को 42 फीसदी मत मिलने का अनुमान लगाया गया है, वहीं कांग्रेस गठबंधन को 31 फीसदी मत हासिल हो सकते हैं। जबकि अन्य के खाते में 27 फीसदी वोट जा सकते हैं। ओपिनियन पोल के मुताबिक, भाजपा गठबंधन को 68-76 के बीच में सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस के अगुवाई वाले गठबंधन को 43-51 सीटें और अन्य को 5-10 सीटें मिलने का अनुमान है। 

तमिलनाडु का थलाइवा कौन?
न्यूज चैनल एबीपी और सर्वे एजेंसी सी-वोटर के ओपिनियन पोल के मुताबिक, तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन की इस बार सत्ता में वापसी हो रही है। डीएमके गठबंधन को 154 से 162 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि एआईएडीएमके गठबंधन को 58 से 66 सीटें, वहीं अन्य के खाते में महज 8 सीटें ही जा सकती हैं। वहीं वोट फीसदी की बात करें तो तमिलनाडु में एआईएडीएमके गठबंधन को 29 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं तो डीएमके गठबंधन को करीब 41 प्रतिशत वोट मिलने के आसार दिख रहे हैं। अन्य को करीब 30 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!