कांग्रेस पर्यवेक्षक ने मसूरी सीट पर प्रत्याशी को लेकर टटोला कांग्रेसियों का मन

MS Malik
By
5 Min Read

वर्ष 2017 में मसूरी से कांग्रेस प्रत्याशी रही गोदावरी थापली की अनुपस्थिति से होती रही भिन्न भिन्न प्रकार की चर्चाएं

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के पछवादून पर्यवेक्षक राजस्थान के विधायक दानिश अबरार ने मसूरी के शहीद स्थल स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं संग बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर गहन मंत्रणा की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया और सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग वार्ता कर मसूरी विधानसभा के प्रत्याशी को लेकर उनके मन की बात जानी। बैठक की खास बात यह रही कि वर्ष 2017 में कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी रहीं श्रीमती गोदावरी थापली अनुपस्थित रही। जिससे बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच कानाफूसी होती रही। हालांकि उनके पति मंडी समिति के पूर्व उपाध्यक्ष उपेंद्र थापली बैठक में मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ ही अपनी-अपनी दावेदारी पेश करने वाले प्रत्याशी भी मौजूद रहे। सभी से कांग्रेस पर्यवेक्षक ने अलग-अलग बातचीत कर उनके मन की बात जानी। बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी अपनी बात कांग्रेस पर्यवेक्षक के सामने रखी और एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया।

पर्यवेक्षक दानिश अबरार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मसूरी विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं से उन्होंने बातचीत की है और पूरी रिपोर्ट आलाकमान के सामने पेश करेंगे। उसके बाद ही पार्टी प्रत्याशी का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्हें पछवादून का प्रभार दिया गया है, जिसमें चकराता, विकासनगर, सहसपुर एवं मसूरी विधानसभा आती है। उन्होंने सभी विधानसभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता की है और संभावित दावेदार को लेकर शीघ्र ही वे अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपेंगे।

उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा में पिछले 10 सालों से कांग्रेस का विधायक नहीं बन सका है। आगामी चुनाव में सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के साथ ही मसूरी विधानसभा से भी कांग्रेस प्रत्याशी को सरकार में शामिल कराने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार 10 सालों का सूखा हटेगा और मसूरी से कांग्रेस प्रत्याशी विजयी होगा।

मसूरी विधानसभा से कांग्रेस के दावेदार पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि पार्टी पर्यवेक्षक ने सभी कार्यकर्ताओं की बात ध्यान से सुनी है और सभी दावेदारों से बात की है। उन्होंने बताया कि यदि पार्टी हाईकमान ने उन्हें मसूरी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया तो वे निश्चित तौर पर जीतेंगे और कांग्रेस की सरकार उत्तराखंड में बनेगी।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं मालसी से नगर निगम के युवा पार्षद सुशांत बोरा ने अपनी दावेदारी को लेकर कहा कि यदि पार्टी ने युवा होने के नाते उन पर विश्वास जताया तो वे सबके सहयोग एवं आशीर्वाद से उनके विश्वास पर खरा उतरते हुए मसूरी विधानसभा सीट पर विजय पताका फहरा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाने का कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक हैं और पार्टी जिस पर भी विश्वास जताएगी पार्टी का हर कार्यकर्ता उसके लिए तन मन धन से कार्य करते हुए कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगा।

इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, राजपुर से नगर निगम पार्षद उर्मिला थापा, छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेश चन्द्र, सभासद जसवीर कौर, प्रताप पंवार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, मेघ सिंह कण्डारी, विनोद सेमवाल, जसपाल राणा, भगवान सिंह धनाई, साबिर अली, विरेंद्र कैंतुरा, विरेंद्र पंवार, वसीम अहमद, भगवती प्रसाद कुकरेती, सुशील कुमार, नागेंद्र उनियाल, मोहम्मद सलीम, नंदलाल सोनकर, सभासद विनोद सेमवाल, पूर्व सभासद जगपाल गुसाईं, एनएसयूआई के मसूरी अध्यक्ष मनोज गर्ग, पूर्व सभासद विरेंद्र कुमार, पूर्व सभासद मोहम्मद शाहरुख, नवीन शाह, कुलदीप रावत, पूर्व सभासद वीरू रावत, अशोक पंवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!