Highway पर रफ्तार का कहर: ‘आसू UK Rider’ की दर्दनाक मौत

5

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में बल्लुपुर-पांवटा साहिब हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा यूट्यूबर और प्रोफेशनल बाइक राइडर आशु (25) की मौत हो गई। हिन्दूवाला के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशु का हेलमेट सिर से छिटक गया और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सभावाला चौकी पुलिस को हिन्दूवाला के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला, जबकि उसकी बाइक पास में क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र मेहरबान, निवासी बढ़ेडी राजपूतान, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई।

परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आशु एक प्रोफेशनल यूट्यूबर राइडर था और बाइक राइडिंग से जुड़े वीडियो बनाता था। सोशल मीडिया पर वह ‘आसू UK Rider’ के नाम से जाना जाता था। युवा उम्र में हुई उसकी अचानक मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार, आशु देहरादून की ओर से बाइक पर सवार होकर पांवटा साहिब की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। हिन्दूवाला के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। भीषण टक्कर में बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और हेलमेट भी सिर से निकलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।

सहसपुर कोतवाल प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। परिजनों के अनुरोध और एसडीएम की अनुमति के बाद बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंप दिया गया।।फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में बाइक की तेज रफ्तार, नियंत्रण खोना और सड़क की परिस्थितियों समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। महज 25 वर्ष की उम्र में एक युवा राइडर की सड़क हादसे में हुई मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।