MDDA ने अवैध रूप से तुन्तोवाला और मेहुवाला माफी में बन रहे दो भवन किये सील

6

 

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तुन्तोवाला एवं मेहुवाला माफी क्षेत्र में दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने के दौरान पाया गया कि दोनों स्थानों पर आवश्यक स्वीकृति एवं मानचित्र अनुमोदन के बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्य प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों एवं भवन निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं था। सील किए गए निर्माणों में एक बहुमंजिला भवन भी शामिल है।नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से दोनों निर्माणों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की। अभियान के दौरान प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और निर्माण स्थलों को सील कर दिया।

एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राधिकरण ने नागरिकों और भवन स्वामियों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य को प्रारंभ करने से पूर्व आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी जहां कहीं अवैध निर्माण अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।