देहरादून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के अंतिम चरण में राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए देहरादून स्थित राज्य स्तरीय NTA परीक्षा कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, जहां से परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में नोडल अधिकारी लोकजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) तथा NTA के ऑब्जर्वर अपनी टीम के साथ लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कंट्रोल रूम से राज्य नोडल अधिकारियों, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों एवं राज्य समन्वयकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हुए परीक्षा के सुचारु संचालन की निगरानी की जा रही है।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी जनपदों के जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण सूचना अथवा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर उसकी जानकारी तत्काल राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम एवं नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जा सके और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
उत्तराखंड पुलिस, प्रशासन और NTA के बीच स्थापित यह समन्वय व्यवस्था परीक्षा को नकलमुक्त, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे प्रदेश में परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि NEET-2026 परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।













