UKD चुनाव संचालन समिति की बैठक सम्पन्न, प्रत्येक बूथ पर बनेगी 10 सदस्यीय कमेटी 

2

 

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा उत्तराखंड क्रांति दल, देहरादून की सभी विधानसभा सीटों के लिए बनाई मजबूत रणनीति

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। रविवार को दल के केंद्रीय कार्यालय कचहरी रोड देहरादून में केंद्रीय चुनाव संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने की। बैठक में जनपद देहरादून के परवाजून, पछुआदून तथा महानगर इकाइयों के अध्यक्षों सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद देहरादून की सभी 10 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करना तथा आगामी चुनावों के लिए व्यापक रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में चुनाव संचालन समिति द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श के बाद क्रमवार दिशा-निर्देश जारी किए गए। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सप्ताह में कम से कम एक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा और विस्तार सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव संचालन समिति के लिए 51 सक्रिय सदस्यों के नाम प्रस्तावित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक बूथ पर बूथ प्रभारी, महिला प्रभारी, दो बुद्धिजीवियों तथा अन्य कार्यकर्ताओं को मिलाकर 10 सदस्यीय टीम गठित करने का निर्णय लिया गया, जिससे बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ मजबूत हो सके।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पार्टी कार्यकर्ता स्वार्थरहित भाव से जनसंपर्क अभियान चलाएं और क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद स्थापित करें। लोगों को उत्तराखंड क्रांति दल की विचारधारा से जोड़ते हुए उन्हें सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाने का भी आह्वान किया गया। चुनावी रणनीति के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे निर्दलीय तथा अन्य दलों के संभावित प्रत्याशियों की जानकारी एकत्रित करने, उनके प्रभाव का आकलन करने तथा उसके अनुरूप चुनावी रणनीति तैयार करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस विषय पर लंबी और गंभीर मंथन बैठक हुई।

बैठक में दल के वरिष्ठ नेता देवेंद्र कंडवाल, शैलेश गुलेरी, बहादुर सिंह रावत, अतुल जैन, मोहन सिंह असवाल, विजय बौड़ाई, प्रवीण चंद्र रमोला, जितेंद्र पवार, महिपाल पुंडीर, लताफ़त हुसैन, रेखा मियां, गीता बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, किरण रावत, मनोज ममगई, राजेश्वरी रावत, राम चौहान, कल्पना सेमवाल, संगीता बहुगुणा, पवन बिजलवान, सरोजिनी रावत, उषा रमोला, रीता देवी, कपिल कुमार, संजय सिंह, मनोरमा थपलियाल, सागर, सूफी खलीक अहमद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता तंत्र और जनता से निरंतर संवाद के माध्यम से उत्तराखंड क्रांति दल आगामी चुनावों में प्रभावी भूमिका निभाएगा तथा राज्य की क्षेत्रीय आकांक्षाओं को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा।