देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र स्थित ओल्ड राजपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक भवन का पुश्ता (रिटेनिंग वॉल) अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक महिला मलबे के नीचे बुरी तरह दब गई। महिला का आधे से अधिक शरीर मलबे में फंस जाने से उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। हालांकि दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्थानीय लोगों के सहयोग और बाद में एसडीआरएफ व फायर सर्विस की संयुक्त मेहनत से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि ओल्ड राजपुर क्षेत्र में एक भवन का पुश्ता ढह गया है, जिसकी चपेट में आने से कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और फायर सर्विस को भी सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि संकरी गली में स्थित पुश्ता अचानक गिरने से भारी मात्रा में मलबा फैल गया था और एक महिला उसके नीचे दब गई थी। महिला का आधे से अधिक शरीर मलबे में फंसा होने के कारण उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देख पुलिस कर्मियों ने अन्य राहत एजेंसियों के पहुंचने का इंतजार किए बिना स्थानीय लोगों के साथ तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया।
फावड़ा, बेलचा और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से शुरू किया गया। कुछ ही देर बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान को और तेज किया गया। लगातार प्रयासों और कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों ने महिला को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।










